अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें पिछले कुछ समय से सीमित दायरे में कारोबार कर रही हैं।
हालांकि कीमतें 4,000 डॉलर के नीचे फिसली हैं, लेकिन 3,950 डॉलर के आसपास मजबूत समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है। बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि फिलहाल 3,800 से 4,000 डॉलर का दायरा सोने के लिए सबसे महत्वपूर्ण एक्यूमुलेशन (Accumulation) जोन है। जब तक यह स्तर बरकरार है, तब तक निवेशकों को घबराने की जरूरत नहीं है। वहीं यदि सोना 3,800 डॉलर के नीचे मासिक क्लोजिंग देता है, तो इसमें 3,500 डॉलर या उससे भी नीचे की गिरावट से इनकार नहीं किया जा सकता।
मौजूदा समय में सोने में एकमुश्त निवेश करने के बजाय चरणबद्ध खरीदारी की रणनीति अपनानी चाहिए। 4,200 से 3,800 डॉलर के बीच कीमतों में गिरावट आने पर छोटे-छोटे हिस्सों में निवेश करना बेहतर रहेगा। यदि कीमतें और नीचे आती हैं, तो निवेश बढ़ाया जा सकता है। फिलहाल बाजार में स्पष्ट ट्रेंड नहीं है, इसलिए धैर्य बनाए रखना और तय रिस्क लेवल का पालन करना सबसे बेहतर रणनीति मानी जा रही है।
(शेयर मंथन, 04 अगस्त 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)