शेयर बाजार में आज कमजोरी के बीच बैंकिंग सेक्टर ने अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि आईटी शेयरों पर ज्यादा दबाव देखने को मिला।
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि बैंकिंग सेक्टर में फिलहाल प्राइस के मुकाबले समय का दबाव ज्यादा दिखाई दे रहा है। जून, जुलाई और अगस्त के दौरान बैंकिंग शेयरों में कोई बड़ी तेजी नहीं आई है, लेकिन इसके बावजूद सेक्टर का ओवरऑल ट्रेंड अभी पूरी तरह नकारात्मक नहीं हुआ है। बैंकिंग इंडेक्स के लिए 56,000 और 56,500 के आसपास के स्तर महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं और जब तक ये स्तर decisively नहीं टूटते, तब तक बड़ी कमजोरी की पुष्टि नहीं मानी जा सकती।
हालांकि, बाजार के लिए सबसे बड़ी चिंता भू-राजनीतिक जोखिम बना हुआ है। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और उससे कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर बैंकिंग समेत पूरे बाजार पर पड़ सकता है। ऐसे माहौल में निवेशकों के लिए यह समझना मुश्किल हो जाता है कि बाजार का अगला कदम क्या होगा। सोमेश कुमार के अनुसार, जब परिस्थितियां पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हों तो अनुमान लगाने के बजाय जोखिम कम करना और कुछ समय के लिए अलग रहकर स्थिति को देखना बेहतर रणनीति हो सकती है।
निफ्टी की आगे की दिशा तय करने में Reliance और बड़े बैंकिंग शेयरों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है। यदि इन प्रमुख शेयरों में मजबूती आती है तो इंडेक्स को सपोर्ट मिल सकता है। वहीं, अगर इनका प्रदर्शन कमजोर रहता है तो निफ्टी पर दबाव बना रह सकता है। यही वजह है कि मौजूदा बाजार में केवल इंडेक्स के स्तरों को देखना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि बाजार की बड़ी कंपनियों के व्यवहार पर भी नजर रखनी होगी।
फिलहाल बाजार विश्लेषक का रुख सावधानी वाला है। निफ्टी के 24,000 के नीचे बंद होने के बाद 24,400 का स्तर अब महत्वपूर्ण बन गया है। इसके ऊपर वापसी होने तक ‘सेल ऑन राइज’ की रणनीति पर विचार किया जा सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि बाजार में बड़ा क्रैश आने वाला है। ब्रॉडर मार्केट अभी भी अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में है और घरेलू अर्थव्यवस्था के कई संकेत सकारात्मक हैं। इसलिए मौजूदा माहौल में सबसे बेहतर रणनीति घबराने की नहीं, बल्कि तैयारी रखने की है।
(शेयर मंथन, 03 सितंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)