शेयर मंथन में खोजें

रेस्टोरेंट ब्रांड्स एशिया में ग्रोथ की नई उम्मीद, क्या ऑपरेटिंग लीवरेज बदल सकता है तस्वीर?

रेस्टोरेंट ब्रांड्स एशिया को लेकर निवेशकों के बीच लंबे समय के नजरिए से निवेश की संभावना पर चर्चा तेज है।

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि कंपनी के प्रमुख ब्रांड बर्गर किंग को लेकर बाजार में अक्सर यह उम्मीद जताई जाती है कि भारत में बदलती खान-पान की आदतों और युवाओं के बीच बर्गर जैसे फास्ट फूड की बढ़ती लोकप्रियता से कंपनी को फायदा मिल सकता है। हालांकि मौजूदा आंकड़ों को देखें तो बर्गर किंग की बिक्री अभी किसी आंधी-तूफान की रफ्तार से नहीं बढ़ रही है। बिक्री में वृद्धि फिलहाल अपेक्षाकृत सामान्य गति से हो रही है, लेकिन कंपनी के लिए असली कहानी सिर्फ बिक्री की रफ्तार नहीं बल्कि बिक्री बढ़ने के साथ मार्जिन में आने वाला सुधार है।

रेस्टोरेंट और रिटेल बिजनेस को समझने के लिए सेम-स्टोर सेल्स ग्रोथ (SSSG) बेहद महत्वपूर्ण मेट्रिक है। इसका मतलब है कि नए स्टोर खोले बिना मौजूदा स्टोर्स की बिक्री कितनी बढ़ रही है। अगर किसी कंपनी की SSSG करीब 2 से 5 फीसदी के दायरे में भी रहती है, तो उसका असर मुनाफे पर कहीं ज्यादा बड़ा हो सकता है। इसकी वजह ऑपरेटिंग लीवरेज है। किसी मौजूदा स्टोर का किराया, इंफ्रास्ट्रक्चर और कई अन्य खर्च लगभग समान रहते हैं, जबकि अतिरिक्त बिक्री के साथ मुख्य रूप से वेरिएबल कॉस्ट बढ़ती है। ऐसे में बिक्री में मामूली वृद्धि भी मार्जिन में काफी बड़ा सुधार ला सकती है।

रेस्टोरेंट बिजनेस में यही ऑपरेटिंग लीवरेज कंपनी के लिए बड़ा गेमचेंजर बन सकता है। उदाहरण के तौर पर, स्टोर पहले से मौजूद है, उसका क्षेत्रफल और किराया वही है और बैठने की क्षमता भी वही है। अगर उसी स्टोर से अधिक बर्गर, पिज्जा या अन्य उत्पाद बिकने लगते हैं तो अतिरिक्त कच्चे माल की लागत जरूर बढ़ेगी, लेकिन कई फिक्स्ड कॉस्ट पहले जैसी ही रहेंगी। इसका फायदा सीधे ऑपरेटिंग मार्जिन में दिखाई दे सकता है।

कंपनी के लिए एक और महत्वपूर्ण बदलाव कंज्यूमर बिहेवियर में दिखाई दे रहा है। पहले ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स की तरफ से भारी डिस्काउंट और ऑफर दिए जाते थे, जिसके कारण ग्राहक घर पर खाना मंगाने को ज्यादा प्राथमिकता देते थे। लेकिन अब डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स पर बढ़ती लागत और डिलीवरी चार्ज जैसे कारकों के कारण ग्राहक के लिए स्टोर पर जाकर खाना एक बार फिर आकर्षक विकल्प बन सकता है। यह बदलाव रेस्टोरेंट कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि स्टोर पर आने वाले ग्राहकों को कंपनी सीधे अपने मेन्यू और प्रीमियम प्रोडक्ट्स की तरफ आकर्षित कर सकती है।

रेस्टोरेंट कंपनियां ग्राहकों को स्टोर तक लाने के लिए कम कीमत वाले बर्गर या दूसरे ऑफर का इस्तेमाल कर सकती हैं, लेकिन स्टोर में पहुंचने के बाद उन्हें प्रीमियम प्रोडक्ट्स बेचने की कोशिश की जाती है। यही रणनीति SSSG बढ़ाने और मार्जिन सुधारने में मदद कर सकती है। रेस्टोरेंट ब्रांड्स एशिया के लिए इस रणनीति की सफलता के शुरुआती संकेत हालिया तिमाही के नतीजों में दिखाई देने की बात कही गई है।

हालांकि निवेशकों के लिए सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह सुधार कितना टिकाऊ है। अगर SSSG में सुधार और मार्जिन विस्तार आने वाली तिमाहियों में जारी रहता है तो कंपनी की वैल्यूएशन को आगे सपोर्ट मिल सकता है। लेकिन अगर हालिया सुधार सिर्फ एक तिमाही तक सीमित रहता है और दोबारा बिक्री की रफ्तार कमजोर पड़ती है, तो शेयर में मौजूदा उम्मीदों को बड़ा झटका लग सकता है। इसलिए फिलहाल कंपनी में 'ग्रीन शूट्स' यानी शुरुआती सकारात्मक संकेत जरूर दिखाई दे रहे हैं, लेकिन इनके स्थायी होने की पुष्टि आने वाली तिमाहियों में होगी।


(शेयर मंथन, 09 सितंबर 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

 

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख