शेयर बाजार में हाल के दिनों में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिली है। कई इंडेक्स में फ्री-फॉल जैसा माहौल बना हुआ है, जिससे निवेशकों में चिंता बढ़ी है।
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि खासकर निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 जैसे इंडेक्स में लगातार दबाव देखा गया है। हालांकि बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इस गिरावट को समझने के लिए निवेशकों को थोड़ा समय देना चाहिए और मार्च के अंत तक बाजार की चाल को ध्यान से देखना जरूरी होगा। हाल की गिरावट के पीछे टैक्स हार्वेस्टिंग और एडवांस टैक्स से जुड़ी गतिविधियां भी एक बड़ी वजह रही हैं। यह एक बड़ा इवेंट था जो अब काफी हद तक निकल चुका है। ऐसे में अगर कुछ निवेशक मुनाफावसूली भी करना चाहें तो वह सीमित ही रह सकती है। बाजार की भाषा में कहा जाए तो “हाथी दरवाजे से निकल चुका है और अब सिर्फ पूंछ बची है”, यानी अब बहुत बड़ी गिरावट की संभावना कम मानी जा रही है।
वैल्यूएशन के नजरिये से भी मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर अब पहले की तुलना में सामान्य स्तर पर आते दिख रहे हैं। अनुमान के मुताबिक मिडकैप कंपनियों में करीब 12–15 प्रतिशत की प्रॉफिट ग्रोथ और स्मॉलकैप कंपनियों में लगभग 20–22 प्रतिशत की कमाई बढ़ने की संभावना है। ऐसे में इन कंपनियों के मौजूदा वैल्यूएशन लंबे समय तक टिकाऊ रह सकते हैं और बड़ी गिरावट की गुंजाइश सीमित हो सकती है।
हालांकि बाजार की सबसे बड़ी चिंता फिलहाल वैश्विक अनिश्चितता बनी हुई है। खासकर कच्चे तेल की सप्लाई और वैश्विक तनाव को लेकर निवेशकों में असमंजस है। अगर कच्चे तेल की आपूर्ति में बाधा आती है या वैश्विक हालात ज्यादा बिगड़ते हैं, तो बाजार पर दबाव बढ़ सकता है। पिछले कुछ हफ्तों में जिस तरह की स्थिति बनी है, उसने निवेशकों को सावधान जरूर कर दिया है।
स्मॉलकैप इंडेक्स की बात करें तो यह 16,000 के नीचे फिसल चुका है, जो काफी बड़ा रिट्रेसमेंट माना जा रहा है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले शुक्रवार के आंकड़ों को फिलहाल पूरी तरह निर्णायक नहीं माना जाना चाहिए। अगले दो हफ्तों में बनने वाला डेटा ज्यादा महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि अब एडवांस टैक्स और अन्य बड़े इवेंट निकल चुके हैं। अगर वैश्विक तनाव ज्यादा लंबा नहीं खिंचता है तो बाजार में स्थिरता लौट सकती है, लेकिन अगर स्थिति लंबी चली तो बाजार को और दबाव का सामना करना पड़ सकता है।
(शेयर मंथन, 16 मार्च 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)