शेयर मंथन में खोजें

एसऐंडपी बीएसई सेंसेक्स

क्या बिना कन्फर्मेशन मिडकैप में निवेश करना जोखिम भरा है?

मौजूदा बाजार परिस्थिति में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नजर नहीं आ रहा है।

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि तकनीकी रूप से देखें तो इन इंडेक्स का चार्ट अभी अधूरा और असमंजस भरा दिखाई देता है, जिससे किसी ठोस ट्रेंड या रिवर्सल का अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है। जब तक व्यापक बाजार, खासकर निफ्टी, में स्पष्ट दिशा या कन्फर्मेशन नहीं मिलता, तब तक मिड और स्मॉलकैप सेगमेंट में कोई निर्णायक निवेश कॉल लेना जोखिम भरा हो सकता है। वैल्यूएशन के स्तर पर जरूर यह कहा जा सकता है कि हालिया गिरावट के बाद मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर अब ‘नॉर्मल’ जोन में आ गए हैं। हालांकि, इन्हें सस्ता (cheap) भी नहीं कहा जा सकता। बाजार की भाषा में यह एक ऐसा चरण है जहां न तो वैल्यूएशन बहुत आकर्षक हैं और न ही बहुत महंगे, लेकिन अनिश्चितता के कारण निवेशकों में भरोसे की कमी बनी हुई है।

असल बात यह है कि मिडकैप और स्मॉलकैप में निवेश हमेशा लंबी अवधि कम से कम 3 से 4 साल के नजरिए से किया जाना चाहिए। इन सेगमेंट्स में रिटर्न की संभावना ज्यादा होती है, लेकिन इसके साथ जोखिम भी उतना ही बड़ा होता है। इसलिए निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो में एक संतुलित मिश्रण रखना चाहिए, जहां लार्जकैप शेयर स्थिरता दें और मिड-स्मॉलकैप ग्रोथ का अवसर प्रदान करें। पोर्टफोलियो का निर्माण पूरी तरह से निवेशक की जोखिम क्षमता पर निर्भर करता है। कुछ निवेशक 50-60% लार्जकैप में रखकर सुरक्षा चाहते हैं, जबकि कुछ अधिक जोखिम लेने वाले 60-70% मिड और स्मॉलकैप में निवेश कर सकते हैं। खासकर BFSI सेक्टर, जो लगभग हर पोर्टफोलियो का हिस्सा होता है, स्वाभाविक रूप से लार्जकैप की ओर झुका रहता है, जिससे कुल पोर्टफोलियो में लार्जकैप का वजन अपने आप बढ़ जाता है।

मौजूदा समय की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि बाजार की गिरावट का कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पहले की तरह कोई स्पष्ट संकट, जैसे 2008 का वित्तीय संकट या 2020 का कोविड नजर नहीं आ रहा, जिसे समझकर निवेश रणनीति बनाई जा सके। इस समय की स्थिति अधिक अनिश्चित है, जहां वैश्विक घटनाएं और अचानक आने वाली खबरें बाजार की दिशा तय कर रही हैं। ऐसे माहौल में सबसे समझदारी भरा कदम है धैर्य रखना और जल्दबाजी में निर्णय न लेना। जब तक बाजार में स्थिरता और कारणों की स्पष्टता नहीं आती, तब तक ‘वेट एंड वॉच’ की रणनीति अपनाना ही बेहतर है। क्योंकि जब स्थिति स्पष्ट होगी, तभी एक मजबूत और भरोसेमंद ट्रेंड विकसित होगा, जिस पर निवेशक अधिक आत्मविश्वास के साथ दांव लगा सकेंगे।

 



(शेयर मंथन, 06 अप्रैल 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख