
लगातार छह दिनों की मजबूती के बाद भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक आज गिरावट के साथ बंद हुए।
निफ्टी (Nifty) 7,900 के मनोवैज्ञानिक स्तर से ऊपर खुला, लेकिन अंत में इस स्तर से नीचे बंद हुआ।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स (Sensex) 106 अंक यानी 0.40% की गिरावट के साथ 26,314 पर रहा। निफ्टी 22 अंक यानी 0.28% की कमजोरी के साथ 7,875 पर बंद हुआ। सीएनएक्स मिडकैप (CNX Midcap) में 0.31% की बढ़त रही। बीएसई मिडकैप (BSE Midcap) में 0.06% की मामूली बढ़त और बीएसई स्मॉलकैप (BSE Smallcap) में 0.93% की मजबूती रही। क्षेत्रों के लिहाज से आज तेल-गैस और एफएमसीजी में सबसे ज्यादा बिकवाली का रुख रहा।
सकारात्मक एशियाई संकेतों के बीच घरेलू बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। निफ्टी 7,900 के स्तर से ऊपर खुला। इस दौरान सेंसेक्स 26,505 और निफ्टी 7,923 दिन के ऊपरी स्तरों तक चढ़ गये, लेकिन शुरुआती कारोबार में बाजार बढ़त गवाँ कर लाल निशान पर फिसल गया। निफ्टी 7,900 के स्तर से नीचे लुढ़क गया। इसके बाद बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच कारोबार होता रहा। कमजोर यूरोपीय संकेतों के बीच घरेलू बाजार पर दबाव बढ़ा। दोपहर के कारोबार में बाजार की गिरावट बढ़ती चली गयी। कारोबार के आखिरी मिनटों में बाजार तेजी से लुढ़का। इस दौरान सेंसेक्स 26,278 और निफ्टी 7,864 दिन के निचले स्तरों तक लुढ़क गये। आखिरकार सेंसेक्स-निफ्टी आज के कारोबार में गिरावट के साथ बंद हुए।
क्षेत्रों के लिहाज से आज तेल-गैस क्षेत्र में सबसे ज्यादा 1.32% की गिरावट रही। एफएमसीजी में 0.70%, ऑटो में 0.56%, कैपिटल गुड्स में 0.51%, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.33%, बैंकिंग में 0.29%, धातु में 0.26% की कमजोरी रही। की गिरावट रही। दूसरी ओर, हेल्थकेयर में 2.93% की मजबूती रही। पावर में 0.73%, रियल्टी में 0.52%, आईटी में 0.23% और टीईसीके में 0.10% की बढ़त रही। (शेयर मंथन, 20 अगस्त 2014)
Add comment