शेयर मंथन में खोजें

इरेडा (IREDA) में बड़ी गिरावट, क्या शेयर अभी और टूटेगा स्टॉक?

एक निवेशक जानना चाहते हैं कि उन्हें इरेडा (IREDA) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि अगर चार्ट के नजरिए से देखें तो IREDA का प्राइमरी ट्रेंड इस समय कमजोर नजर आता है। स्टॉक लगातार लोअर हाई और लोअर लो बना रहा है, जो एक साफ संकेत है कि ट्रेंड अभी भी नीचे की ओर है। खास बात यह है कि 125 रुपये का जो मजबूत सपोर्ट था, वह भी टूट चुका है। किसी भी स्टॉक में जब ऐसा अहम स्तर टूटता है, तो यह संकेत देता है कि बाजार में भरोसा कमजोर हुआ है। ऐसे में बीच-बीच में आने वाले बाउंस को मजबूती का संकेत नहीं बल्कि शॉर्ट टर्म राहत या एग्जिट का मौका भी माना जा सकता है।

हालांकि, यह जरूरी नहीं है कि कंपनी के फंडामेंटल पूरी तरह खराब हो गए हों। कंपनी की सेल्स और प्रॉफिट ग्रोथ ठीक-ठाक बनी हुई है और क्वार्टरली नंबर्स भी बहुत खराब नहीं दिखते। लेकिन असली समस्या एसेट यूटिलाइजेशन और रिटर्न रेशियो में नजर आती है। कम रिटर्न ऑन कैपिटल और कमजोर एसेट टर्नओवर इस बात का संकेत हैं कि कंपनी अपनी पूंजी का उतना प्रभावी उपयोग नहीं कर पा रही है, जितनी बाजार को उम्मीद थी। संभव है कि पहले इस स्टॉक में उम्मीदें बहुत ज्यादा बन गई थीं और अब वही ओवर-एक्सपेक्टेशन करेक्शन के रूप में सामने आ रही है।

वैल्यूएशन के हिसाब से देखें तो अभी यह स्टॉक करीब 17-18 पी/ई पर ट्रेड कर रहा है, जो मौजूदा फंडामेंटल्स के हिसाब से महंगा माना जा सकता है। अगर इसे ज्यादा यथार्थवादी स्तर पर आंका जाए तो 12-13 पी/ई का वैल्यूएशन ज्यादा उचित लग सकता है। इस आधार पर स्टॉक की फेयर वैल्यू लगभग 75 से 90 रुपये के बीच बैठती है। यही कारण है कि गिरावट अभी पूरी तरह थमी है, ऐसा कहना जल्दबाजी होगा।

आगे की दिशा काफी हद तक कंपनी के नतीजों और बिजनेस परफॉर्मेंस पर निर्भर करेगी। अगर कंपनी अपने रिटर्न रेशियो में सुधार दिखाती है और स्टॉक 150 रुपये के ऊपर टिककर मजबूती दिखाता है, तभी इसमें ट्रेंड रिवर्सल के संकेत मिल सकते हैं। फिलहाल की स्थिति में निवेशकों को सतर्क रहने की जरूरत है और केवल लंबे समय के नजरिए के भरोसे जोखिम को नजरअंदाज करना सही रणनीति नहीं मानी जाएगी।

 



(शेयर मंथन, 10 अप्रैल 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख