बृजेश पाठक जानना चाहते हैं कि उन्हें टाटा मोटर्स (Tata Motors) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? उन्होंने इस शेयर में 700 शेयरों के साथ करीब 625 रुपये के भाव पर निवेश किया है और उनका नजरिया दो से तीन साल का है। आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि ऑटो सेक्टर में लंबे समय की संभावनाएं बनी हुई हैं, लेकिन फिलहाल कंपनी के पैसेंजर व्हीकल बिजनेस में कई चुनौतियां अभी भी बरकरार हैं। इसी वजह से शेयर में वह उत्साह देखने को नहीं मिल रहा, जिसकी निवेशकों को उम्मीद थी। ऑटो इंडस्ट्री की ग्रोथ आने वाले समय में लगभग 10% के आसपास रहने की संभावना है। आर. सी. भार्गव ने भी हाल ही में संकेत दिए थे कि इंडस्ट्री में बहुत तेज ग्रोथ की उम्मीद फिलहाल नहीं की जानी चाहिए। ऐसे माहौल में टाटा मोटर्स के पैसेंजर व्हीकल कारोबार पर दबाव बना हुआ है। पिछले दो तिमाहियों में कंपनी के पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री में गिरावट देखने को मिली है और मार्जिन भी काफी कमजोर बने हुए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि कंपनी के सामने मौजूद चुनौतियां अभी खत्म नहीं हुई हैं।
तकनीकी नजरिए से देखें तो 380 से 385 रुपये का स्तर फिलहाल काफी अहम माना जा रहा है। यह स्तर 200 दिनों के मूविंग एवरेज के आसपास है और बाजार की नजर इसी पर टिकी हुई है। यदि शेयर इस स्तर के ऊपर मजबूती से टिकता है और अच्छे नतीजों का समर्थन मिलता है, तभी इसमें नई तेजी की उम्मीद बन सकती है। फिलहाल शेयर लंबे समय से धीरे-धीरे नीचे की ओर खिसकता नजर आ रहा है और बाजार में इसे लेकर उत्साह कम दिखाई दे रहा है।
आने वाले एक-दो तिमाहियों के नतीजे टाटा नोटर्स के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहेंगे। इन्हीं नतीजों से यह स्पष्ट होगा कि कंपनी के बिजनेस मॉडल में सुधार आ रहा है या नहीं। इसलिए निवेशकों को जल्दबाजी में बड़े फैसले लेने की बजाय कंपनी के अगले रिजल्ट और प्रमुख तकनीकी स्तरों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।
(शेयर मंथन, 07 मई 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)