आईटी नेटवर्किंग प्रोडक्ट्स बनाने वाली डी-लिंक (India) को लेकर बाजार में इस समय धैर्य और उम्मीद दोनों का माहौल दिखाई दे रहा है।
जिन निवेशकों ने ऊंचे स्तरों पर शेयर खरीदे हैं, वे अब यह जानना चाहते हैं कि क्या कंपनी आने वाले समय में बेहतर रिटर्न दे पाएगी। बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि फिलहाल शेयर में निर्णायक तेजी के लिए मजबूत फंडामेंटल ट्रिगर का इंतजार करना होगा।चार्ट पैटर्न पर नजर डालें तो शेयर लंबे समय से एक बड़े वेज और फ्लैट बॉटम स्ट्रक्चर में घूमता दिखाई दे रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, बाजार यह उम्मीद कर रहा है कि कंपनी का सेल्स और मार्जिन साइकल अब बॉटम आउट हो रहा है और आने वाले समय में सुधार देखने को मिल सकता है।
यही वजह है कि 360 रुपये के आसपास शेयर को लगातार मजबूत सपोर्ट मिलता दिखाई दे रहा है। हालांकि दूसरी तरफ विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि कंपनी की मौजूदा ग्रोथ बहुत ज्यादा आक्रामक नहीं है। सेल्स ग्रोथ सीमित है, नेट प्रॉफिट मार्जिन भी सिंगल डिजिट में बना हुआ है और ऑपरेटिंग मार्जिन में भी कोई बड़ा उछाल नजर नहीं आता। ऐसे में केवल उम्मीदों के भरोसे शेयर में लंबी तेजी आना मुश्किल माना जा रहा है। अगर अगले एक-दो क्वार्टर में कंपनी मजबूत नंबर पेश करती है, तो शेयर में तेज उछाल देखने को मिल सकता है। खासतौर पर 475 रुपये के ऊपर ब्रेकआउट निवेशकों का भरोसा बढ़ा सकता है। उसके बाद 520-530 रुपये और फिर 590 रुपये तक के स्तरों की चर्चा शुरू हो सकती है। फिलहाल निवेशकों को धैर्य बनाए रखने और कंपनी के तिमाही नतीजों पर करीबी नजर रखने की सलाह दी जा रही है।
(शेयर मंथन, 14 मई 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)