शेयर मंथन में खोजें

शेयर बाजार की गिरावट में भी क्यों भरोसे में हैं एक्सपर्ट?

शेयर बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव और वैश्विक तनाव के बीच निवेशकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर अब किया क्या जाए? क्या मौजूदा निवेश को होल्ड करके रखा जाए या फिर नए अवसर तलाशे जाएं?

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का मानना है कि इस समय घबराने के बजाय धैर्य और स्पष्ट रणनीति की जरूरत है। उनका कहना है कि अगर निफ्टी 23,500 के नीचे नहीं टिकता, तो लंबे समय के निवेशकों के लिए बाजार में बने रहने में कोई बड़ी परेशानी नहीं होनी चाहिए। शोमेश कुमार के मुताबिक इक्विटी हमेशा एक “रिस्क एसेट क्लास” रही है और इसमें निवेश करने वाले को उतार-चढ़ाव झेलने के लिए मानसिक रूप से तैयार रहना पड़ता है। उनका कहना है कि अगर ब्रेंट क्रूड 110-120 डॉलर तक चला जाए तो बाजार में और बड़ी गिरावट आ सकती है, लेकिन मौजूदा हालात में वे 22,000 के नीचे निफ्टी को लंबे समय तक टिकता नहीं देखते। इसी आधार पर वे निवेशकों को सलाह देते हैं कि अच्छी क्वालिटी वाले मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में धीरे-धीरे निवेश जारी रखें।

उन्होंने कहा कि निवेशक अक्सर यह गलती करते हैं कि वे अपने पोर्टफोलियो में 10-15% की गिरावट देखकर डर जाते हैं। जबकि बाजार की प्रकृति ही ऐसी है कि बीच-बीच में गिरावट आएगी। अगर निवेशक लंबी अवधि के लिए पैसा बनाना चाहते हैं तो उन्हें इस अस्थिरता को स्वीकार करना होगा। उनके अनुसार अगले ढाई साल तक मिडकैप और स्मॉलकैप स्पेस में बेहतर अवसर बने रह सकते हैं, खासकर उन सेक्टर्स में जहां घरेलू मांग मजबूत है और विदेशी मुद्रा के उतार-चढ़ाव का असर कम पड़ता है।

शोमेश कुमार का मानना है कि Q4 और FY26 के नतीजों ने यह साबित किया है कि तमाम चुनौतियों के बावजूद मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों में मजबूत ग्रोथ की क्षमता मौजूद है। उनके अनुसार मिडकैप कंपनियों का प्रॉफिट ग्रोथ करीब 30% और स्मॉलकैप कंपनियों का करीब 40% तक पहुंचा, जो इस बात का संकेत है कि भारतीय अर्थव्यवस्था के कई हिस्सों में ग्रोथ का मोमेंटम अब भी मजबूत है।

हालांकि वे यह भी मानते हैं कि जून तिमाही के नतीजे कमजोर रह सकते हैं, लेकिन इससे लंबी अवधि की कहानी नहीं बदलती। उनका कहना है कि निवेशकों को इंडेक्स के उतार-चढ़ाव पर ज्यादा ध्यान देने के बजाय उन सेक्टर्स और कंपनियों पर फोकस करना चाहिए जहां बिजनेस ग्रोथ लगातार बनी हुई है। उनके मुताबिक बाजार में असली पैसा धैर्य रखने वालों को मिलेगा, न कि हर छोटी गिरावट से डरकर बाहर निकलने वालों को।

(शेयर मंथन, 27 मई 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख