HDFC Bank के शेयर में हालिया कमजोरी के बाद अब निवेशकों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किस स्तर पर बैंक का शेयर वैल्यूएशन के लिहाज से आकर्षक हो सकता है।
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि मौजूदा गिरावट को अभी 'अति' नहीं कहा जा सकता। कोविड बॉटम से रिट्रेसमेंट के आधार पर करीब 61.8 फीसदी का स्तर लगभग 620 रुपये के आसपास आता है। अगर शेयर भविष्य में इस क्षेत्र तक पहुंचता है तो वहां वैल्यूएशन के नजरिए से दोबारा गंभीरता से मूल्यांकन किया जा सकता है।
एक्सपर्ट के मुताबिक HDFC Bank की मौजूदा वैल्यूएशन काफी कंजर्वेटिव हो चुकी है। बैंक का प्राइस-टू-बुक करीब 1.8 गुना बताया गया है। ऐसे में शेयर को ऊपर जाने के लिए अब बहुत बड़े बदलाव के बजाय किसी मजबूत ट्रिगर की जरूरत है। यही वजह है कि मौजूदा स्तरों पर पूरी तरह नकारात्मक नजरिया भी उचित नहीं है, लेकिन जब तक कोई ठोस ट्रिगर सामने नहीं आता, तब तक तेजी पर भरोसा करना मुश्किल है।
यह ट्रिगर बैंक की ग्रोथ में सुधार, बेहतर नतीजे या विदेशी निवेशकों की बिकवाली में बदलाव के रूप में आ सकता है। फिलहाल FII होल्डिंग का 50 फीसदी से ऊपर से घटकर करीब 40-42 फीसदी तक आना सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है। अगर यह ट्रेंड जारी रहता है तो कम वैल्यूएशन के बावजूद शेयर पर लगातार सप्लाई बनी रह सकती है।
बहरीन में 81 बॉन्ड से जुड़े मामले में मिली कानूनी जीत को एक संभावित सकारात्मक ट्रिगर के रूप में देखा जा रहा है। इस मामले में बैंक को कानूनी राहत मिली है, जिससे पहले से बना कुछ हैंगओवर कम हो सकता है। हालांकि, एक्सपर्ट का मानना है कि इस मामले को पूरी तरह खत्म मानना अभी जल्दबाजी होगी। उनका सवाल है कि अगर वास्तव में मिस-सेलिंग नहीं हुई थी तो पहले कर्मचारियों पर कार्रवाई और पेनल्टी क्यों लगाई गई थी। इसलिए कानूनी जीत सकारात्मक खबर जरूर है, लेकिन इससे बैंक की पूरी कहानी अपने आप नहीं बदल जाती।
HDFC Bank के लिए असली चुनौती यह है कि बैंक आगे की ग्रोथ कैसे हासिल करेगा। केवल मजबूत ब्रांड और कम वैल्यूएशन शेयर में स्थायी तेजी के लिए पर्याप्त नहीं हैं। अगर बैंक आने वाले क्वार्टर में ग्रोथ का स्पष्ट रास्ता दिखाता है और FII की बिकवाली रुकती है, तो मौजूदा वैल्यूएशन से री-रेटिंग की संभावना बन सकती है। वहीं करीब 620 रुपये का स्तर एक्सपर्ट की नजर में ऐसा जोन है जहां अत्यधिक गिरावट के बाद वैल्यूएशन को नए सिरे से देखा जा सकता है।
(शेयर मंथन, 15 सितंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)