शेयर मंथन में खोजें

आईआरएफसी (IRFC) ने किया हैदराबाद मेट्रो रेल की रीफाइनेंसिंग का सौदा

इंडियन रेलवे फाइनेंसिंग कॉर्पोरेशन (IRFC) ने हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना की ऋण देनदारियों को रीफाइनेंस करने के लिए एलऐंडटी मेट्रो रेल (हैदराबाद) (L&TMRHL) के साथ 13,527 करोड़ रुपये के सावधि ऋण (टर्म लोन) समझौते पर हस्ताक्षर किये। यह पहली बार है, जब आईआरएफसी ने किसी मेट्रो रेल परियोजना के वित्त उपलब्ध कराया है। 

यह पुनर्वित्त (रीफाइनेंसिंग) समझौता एलऐंडटीएमआरएचएल का पूरा 100% स्वामित्व लार्सन ऐंड टुब्रो (L&T Limited) से हैदराबाद मेट्रो रेल (HMRL) के जरिये तेलंगाना सरकार को हस्तांतरित होने के बाद हुआ है। इससे यह मेट्रो नेटवर्क अब राज्य के मालिकाना हक के तहत एक रणनीतिक सार्वजनिक परिवहन संपत्ति में बदल गया है। इससे हैदराबाद मेट्रो के अगले चरणों के विस्तार के लिए एक मजबूत वित्तीय नींव तैयार हुई है। इस ऋण समझौते पर आईआरएफसी के सीएमडी एवं सीईओ मनोज कुमार दुबे और तेलंगाना के मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव की उपस्थिति में हस्ताक्षर किये गये।

इसके तहत आईआरएफसी हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना की मौजूदा ऋण देनदारियों को रीफाइनेंस करेगी, जिसमें नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (NCDs), कमर्शियल पेपर और सावधि ऋण शामिल हैं। इससे मौजूदा ऋणदाताओं के लिए एक व्यवस्थित निकास संभव हो सकेगा, और साथ ही परियोजना की लंबी अवधि की वित्तीय स्थिरता में भी काफी सुधार होगा। 

इस रीफाइनेंसिंग में 20 साल की अवधि में चुकायी जाने वाली तिमाही किस्तें रखी गयी हैं। यह ज्यादा लागत वाले कर्ज की जगह प्रतिस्पर्धी दरों पर दी गयी है। इस सुविधा पर कोई प्रोसेसिंग फीस, कमिटमेंट चार्ज या प्रीपेमेंट पेनल्टी नहीं रखी गयी है, जिससे यह एक कुशल और कर्जदार के लिए फायदेमंद रीफाइनेंसिंग व्यवस्था है।

हैदराबाद मेट्रो रेल का पहला चरण 69.2 किलोमीटर में फैला है, जिसमें 3 कॉरिडोर एवं 57 स्टेशन शामिल हैं। यह दुनिया की सबसे बड़ी मेट्रो रेल परियोजनाओं में से एक है। इसे सरकारी निजी साझेदारी या पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित किया गया है और यह हैदराबाद के लिए शहरी परिवहन की एक महत्वपूर्ण रीढ़ के रूप में कार्य करता है। हैदराबाद मेट्रो का मौजूदा नेटवर्क इस समय प्रतिदिन 5 लाख से अधिक यात्रियों को अपनी सेवा प्रदान करता है। यह शहर में टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बन कर उभरा है। 

इस खबर के बीच आज सोमवार, 25 मई 2026 को आईआरएफसी के शेयर में अच्छी मजबूती दिखी। आज बीएसई में यह 2.25 रुपये या 2.29% की तेजी दिखाते हुए 100.45 रुपये पर बंद हुआ। (शेयर मंथन, 25 मई 2026) 

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख