एक निवेशक जानना चाहते हैं कि उन्हें इंडियन बैंक (Indian Bank) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि किसी भी निवेश संबंधी सलाह से पहले निवेशक का टाइम फ्रेम और जोखिम उठाने की क्षमता समझना बेहद जरूरी होता है। इंडियन बैंक एक मजबूत और उच्च गुणवत्ता वाला बैंक बना हुआ है। बैंक की ग्रोथ अच्छी रही है और इसकी एसेट क्वालिटी भी लगातार बेहतर बनी हुई है। एनपीए नियंत्रण में हैं और बैंक के फंडामेंटल्स पर फिलहाल कोई बड़ा सवाल नहीं उठ रहा। यही वजह है कि पिछले कुछ समय में इस शेयर ने निवेशकों को अच्छा रिटर्न भी दिया है।
हालांकि, बाजार में अक्सर ऐसा देखा जाता है कि जब किसी कंपनी के बारे में हर तरफ सिर्फ सकारात्मक बातें होने लगती हैं, तो उसका असर शेयर के वैल्यूएशन पर भी दिखता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इंडियन बैंक का वैल्यूएशन अब काफी स्ट्रेच हो चुका है। यानी शेयर की कीमत उसके मौजूदा प्रदर्शन की तुलना में काफी ऊपर पहुंच चुकी है। ऐसे में अब इसमें निवेश का जोखिम पहले की तुलना में बढ़ गया है।
मार्केट एक्सपर्ट का मानना है कि इंडियन बैंक अब निवेश की बजाय ट्रेडिंग कैटेगरी का शेयर ज्यादा नजर आता है। उनका अनुमान है कि आने वाले समय में यह शेयर 770 रुपये से 900 रुपये की रेंज में कंसोलिडेट कर सकता है। इसलिए निवेशकों को इस स्तर पर काफी सतर्क रहने की जरूरत है। खास तौर पर 770 रुपये के नीचे जाने पर रिस्क मैनेजमेंट की रणनीति बनाना जरूरी होगा।
यह भी साफ किया कि बैंक की गुणवत्ता पर कोई सवाल नहीं है, लेकिन मौजूदा बाजार परिस्थिति को देखते हुए जोखिम काफी बढ़ गया है। इसलिए नए निवेशकों को सोच-समझकर कदम उठाने की सलाह दी जा रही है, जबकि मौजूदा निवेशकों को अपने निवेश पर लगातार नजर बनाए रखने की जरूरत है।
(शेयर मंथन, 12 मई 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)