पिछले दो वर्षों में निवेशकों के लिए बाजार में पैसा बनाना आसान नहीं रहा है।
जहां इक्विटी बाजार से उम्मीद के मुताबिक रिटर्न नहीं मिला, वहीं सोने और अन्य कीमती धातुओं में भी भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। ऐसे में निवेशकों के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर अपने पैसे को कहां निवेश किया जाए और किस एसेट क्लास पर भरोसा किया जाए? विजय मंत्री फाइनेंशियल सर्विसेज के संस्थापक विजय मंत्री का मानना है कि दुनिया का आर्थिक और राजनीतिक ढांचा तेजी से बदल रहा है। आने वाले 5 से 20 वर्षों में निवेशकों को एक बिल्कुल अलग तरह की दुनिया देखने को मिल सकती है। इसलिए अब किसी भी एसेट क्लास को पूरी तरह सुरक्षित मानकर चलना सही नहीं होगा।
विजय मंत्री के मुताबिक, आमतौर पर सोने को महंगाई और भू-राजनीतिक जोखिम के खिलाफ सुरक्षित निवेश माना जाता है, लेकिन हालिया परिस्थितियों में सोने का प्रदर्शन इस धारणा से अलग रहा है। दुनियाभर में महंगाई बढ़ने और बड़े भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। इसकी एक बड़ी वजह वैश्विक अर्थव्यवस्था में आए बदलाव और कुछ देशों के सेंट्रल बैंकों की ओर से सोने की बिकवाली भी है। उन्होंने बताया कि रूस और चीन जैसे देशों के ट्रेड सरप्लस के मुकाबले दूसरे देशों का आयात बिल बढ़ने से वित्तीय दबाव पैदा हुआ है। ऐसे में कुछ केंद्रीय बैंक अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए सोने की बिक्री कर रहे हैं।
उन्होंने वैश्विक स्तर पर सोने के भंडार को लेकर बढ़ती चिंताओं का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, रूस और अफगानिस्तान जैसे देशों की संपत्तियों को जब्त किए जाने तथा वेनेजुएला के सोने को लेकर विवाद जैसी घटनाएं बताती हैं कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में किसी भी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर पूरी गारंटी नहीं दी जा सकती। इसलिए निवेशकों को यह समझना होगा कि हर एसेट क्लास का अपना अलग जोखिम होता है।
विजय मंत्री का मानना है कि निवेश के मामले में पुरानी धारणाओं पर निर्भर रहने के बजाय बदलती परिस्थितियों को समझना जरूरी है। निवेशकों को यह नहीं मानना चाहिए कि सोना, इक्विटी, रियल एस्टेट या बैंक डिपॉजिट में से कोई भी विकल्प हर परिस्थिति में सुरक्षित रहेगा। उनके मुताबिक, निवेश का सही तरीका यही है कि जोखिम को समझकर अलग-अलग एसेट क्लास में संतुलित निवेश किया जाए।
(शेयर मंथन, 06 नवंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)


