अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने एक बार फिर वैश्विक बाजारों की चिंता बढ़ा दी है।
इसका सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर दिखाई दे रहा है। बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि मौजूदा समय में सबसे बड़ा जोखिम यही है कि अगर ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर चला गया तो भारतीय शेयर बाजार में गिरावट और गहरी हो सकती है। उनका कहना है कि इस समय भू-राजनीतिक परिस्थितियां इतनी अनिश्चित हैं कि इनके अगले कदम का अनुमान लगाना मुश्किल है। ऐसे में निवेशकों को बाजार की चाल के बजाय जोखिम प्रबंधन पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए।
भारतीय बाजार के लिए अभी भी कई घरेलू संकेत सकारात्मक हैं। जीडीपी ग्रोथ और कॉरपोरेट प्रॉफिटेबिलिटी जैसे आंकड़े अर्थव्यवस्था की मजबूती को दिखाते हैं। यही वजह है कि बाजार में पूरी तरह निराश होने की जरूरत नहीं है। लेकिन वैश्विक परिस्थितियों का असर इतना ज्यादा है कि घरेलू सकारात्मक संकेतों के बावजूद बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। यदि क्रूड की कीमतें नियंत्रित रहती हैं तो घरेलू कहानी के आधार पर बाजार दोबारा मजबूती दिखा सकता है।
उनका कहना है कि बाजार में पैसा बनाना फिलहाल थोड़ा मुश्किल हो सकता है क्योंकि वैश्विक फंड फ्लो कमजोर रहने की आशंका है। ऐसे माहौल में घरेलू थीम और घरेलू निवेश पर आधारित कंपनियों में अवसर मिल सकते हैं, लेकिन उनमें तेजी आने में समय लग सकता है। बाजार लंबे समय से कंसोलिडेशन के दौर से गुजर रहा है और फरवरी में हाई बनने के बाद निवेशकों को उम्मीद थी कि एक महत्वपूर्ण साइकिल पूरी हो चुकी है। हालांकि, वैश्विक घटनाक्रम ने इस तस्वीर को बदल दिया है।
दिवाली तक बाजार में तेजी की उम्मीद पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। सोमेश कुमार के मुताबिक, अगर अचानक युद्ध रुकता है और क्रूड की कीमतों में तेज गिरावट आती है तो बाजार का माहौल भी तेजी से बदल सकता है। तेल की कीमतों में करीब 10 फीसदी की गिरावट भी बाजार की धारणा को सकारात्मक बना सकती है। इसलिए मौजूदा समय में बाजार के लिए सबसे बड़ा ट्रिगर क्रूड का डायरेक्शन है। जैसे ही कच्चे तेल की दिशा बदलेगी, बाजार की रणनीति भी बदल सकती है। फिलहाल निवेशकों को किसी एक अनुमान पर टिकने के बजाय बदलती परिस्थितियों के अनुसार अपनी रणनीति तैयार रखनी चाहिए।
(शेयर मंथन, 03 सितंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)