एचडीएफसी बैंक के लिए पिछले सप्ताह बहरीन में 81 बॉन्ड से जुड़े मामले में मिली कानूनी जीत एक अहम घटनाक्रम रही।
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि इस खबर के बाद शुक्रवार को बैंक के शेयर में अच्छी तेजी भी देखने को मिली। बाजार में यह चर्चा शुरू हुई कि क्या इस कानूनी जीत से बैंक पर चल रहा ओवरहैंग खत्म हो सकता है और क्या इससे निवेशकों का भरोसा वापस आएगा। हालांकि, मार्केट एक्सपर्ट के मुताबिक केवल इस खबर के आधार पर HDFC Bank में पूरी तरह पॉजिटिव रुख अपनाना अभी जल्दबाजी होगी।
एक्सपर्ट के अनुसार एचडीएफसी बैंक के सामने सबसे बड़ी चिंता फिलहाल विदेशी निवेशकों यानी FIIs की हिस्सेदारी में लगातार गिरावट है। पहले बैंक में FII होल्डिंग 50 फीसदी से ऊपर थी, लेकिन अब यह करीब 40-42 फीसदी के आसपास आ गई है। यह बदलाव स्टॉक के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। अगर हर तिमाही विदेशी निवेशक अपनी हिस्सेदारी कम करते रहे तो शेयर में आने वाली किसी भी सकारात्मक खबर का इस्तेमाल तेजी के बजाय बिकवाली या 'सेल ऑन रैली' के मौके के रूप में किया जा सकता है।
दूसरी बड़ी समस्या बैंक की ग्रोथ को लेकर है। एक्सपर्ट के मुताबिक फिलहाल ऐसा कोई बहुत मजबूत ग्रोथ ट्रिगर दिखाई नहीं दे रहा है, जिसके आधार पर HDFC Bank की वैल्यूएशन को दोबारा अपग्रेड किया जा सके। इसलिए अगले एक-दो क्वार्टर में अगर बैंक की तरफ से कोई मजबूत और उम्मीद से बेहतर नतीजा या सकारात्मक सरप्राइज नहीं आता है, तो FII की तरफ से बड़ी खरीदारी लौटने की संभावना कम दिखाई देती है।
तकनीकी स्तर पर भी 735-740 रुपये का जोन HDFC Bank के लिए अहम बताया गया है। एक्सपर्ट के मुताबिक जब तक शेयर इस स्तर के ऊपर मजबूती से नहीं निकलता, तब तक मौजूदा तेजी को ट्रेंड रिवर्सल नहीं माना जाना चाहिए। अगर यह स्तर पार होता भी है तो करीब 800 रुपये के आसपास फिर से संघर्ष की संभावना जताई गई है। यानी फिलहाल शुक्रवार की तेजी को शॉर्ट कवरिंग से ज्यादा कुछ मानने के लिए मजबूत संकेत की जरूरत है।
हालांकि, एचडीएफसी बैंक की वैल्यूएशन काफी नीचे आ चुकी है। एक्सपर्ट ने कोविड बॉटम से रिट्रेसमेंट के आधार पर करीब 620 रुपये के आसपास के स्तर को ऐसी जगह बताया जहां शेयर में 'अति' यानी अत्यधिक गिरावट मानी जा सकती है। मौजूदा स्तरों पर ऐसी स्थिति अभी नहीं बनी है। इसलिए बैंक में वैल्यूएशन के नजरिए से दिलचस्पी जरूर बन रही है, लेकिन मजबूत ट्रिगर आने तक इंतजार की रणनीति बेहतर बताई गई है।
(शेयर मंथन, 15 सितंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)