भारतीय शेयर बाजार से विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली के बीच बाजार विशेषज्ञ विजय चोपड़ा का मानना है कि सरकार को विदेशी पूंजी आकर्षित करने के लिए अपनी नीतियों में सकारात्मक बदलाव करने की जरूरत है।
उनका कहना है कि विकास के लिए केवल घरेलू निवेश पर्याप्त नहीं है, बल्कि विदेशी निवेश भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विदेशी निवेशक पहले से ही रुपये में कमजोरी, करेंसी और हेजिंग रिस्क के साथ भारत में निवेश की बढ़ती लागत जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में टैक्स नीतियों में राहत नहीं मिलने से उनकी निराशा और बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि भारत को चीन की तरह अपनी कंपनियों को बड़े स्तर पर विकसित करने, निर्यात को बढ़ावा देने और उद्योगों को प्रोत्साहन देने पर ध्यान देना चाहिए। देश में लिस्ट हुई हजारों कंपनियों में से आने वाले वर्षों में कई कंपनियां स्मॉलकैप से मिडकैप और लार्जकैप बन सकती हैं। इनमें से कुछ कंपनियां शानदार प्रदर्शन भी कर सकती हैं। विजय चोपड़ा के मुताबिक, अगर सरकार LTCG और STCG टैक्स में तत्काल बड़ी कटौती नहीं कर सकती, तो कम से कम अगले दो से तीन वर्षों में इन्हें चरणबद्ध तरीके से कम करने का स्पष्ट रोडमैप देना चाहिए। इससे घरेलू और विदेशी दोनों निवेशकों का भरोसा मजबूत हो सकता है।
(शेयर मंथन, 04 नवंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)


