
मंगलवार के कारोबार में अमेरिकी बाजार में 1% से ज्यादा की गिरावट दर्ज हुई है।
कमोडिटी बाजार की कीमतों में आयी गिरावट और फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर बढ़ाने की संभावनाओं से घबराया अमेरिकी शेयर बाजार गिर कर बंद हुआ।
कॉपर की कीमतें पिछले तीन हफ्तों के सबसे नीचले स्तर पर आ गयी है। कच्चे तेल की कीमतों में भी 2% की गिरावट दर्ज हुई। चीन की अर्थव्यवस्था की धीमी वृद्धि दर को लेकर भी निवेशकों में चिंता का महौल बना हुआ है।
न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक डॉव जोंस 180 अंक यानी 1.09% गिर कर 16,330 अंक पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 में भी 24 अंक या 1.23% की गिरावट दर्ज हुई और यह 1,942 के स्तर पर आ गया। नैस्डैक का सूचकांक नैस्डेक कंपोजिट 72 अंक यानी 1.50% गिर कर 4757 अंक पर आ गया।
आज सारे एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट का रुख बना हुआ है।
भारतीय समय के मुताबिक सुबह करीब 8.30 बजे जापान का निक्केई 225 (Nikkei 225) 362 अंक या 1.96% की गिरावट के साथ 18,070 पर चल रहा है। हांग कांग के हैंग सेंग (Hang Seng) में 2.22% की गिरावट पर है। सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स (Straits Times) 1.17% नीचे चल रहा है। तो वहीं चीन का शंघाई कंपोजिट (SSE Composite) भी 47 अंक या 1.47% की गिरावट पर है़। (शेयर मंथन, 23 सितंबर 2015)
Add comment