शेयर मंथन में खोजें

क्या 32,000 के ऊपर जाते ही IT सेक्टर में 12-15% की तेजी का रास्ता खुल सकता है?

आईटी इंडेक्स की चाल को लेकर बाजार विश्लेषक अब 32,000 के स्तर को बेहद अहम मान रहे हैं।

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि अगर इंडेक्स 32,000 के ऊपर मजबूती से क्लोजिंग देने में सफल होता है तो मौजूदा कमजोरी की तस्वीर बदल सकती है। इसके बाद इंडेक्स में तेजी की नई चाल शुरू होने की संभावना बन सकती है। ऐसे में निवेशकों के लिए 32,000 सिर्फ एक आंकड़ा नहीं बल्कि ट्रेंड बदलने वाला महत्वपूर्ण तकनीकी स्तर बन गया है।

सोमेश कुमार ने आईटी इंडेक्स के पुराने पैटर्न को समझाने के लिए ‘मिरर थ्योरी’ या ‘वॉटर इमेज’ का उदाहरण दिया। उनके मुताबिक, चार्ट में पहले जिस तरह की चाल या पैटर्न बनता है, कई बार आगे चलकर उसकी समान या उल्टी तस्वीर देखने को मिल सकती है। हालांकि, यह पूरी तरह इस बात पर निर्भर करता है कि मौजूदा स्तर से इंडेक्स किस दिशा में ब्रेकआउट देता है। यदि 32,000 के ऊपर मजबूती आती है तो पहले की गिरावट के समान पैटर्न का उल्टा रूप यानी रिकवरी देखने को मिल सकता है।

उनका मानना है कि 32,000 का स्तर पार होने के बाद केवल मामूली तेजी की बात नहीं होगी, बल्कि इंडेक्स में 12-15 फीसदी तक की चाल की संभावना बन सकती है। हालांकि, यह संभावित चाल तभी ज्यादा विश्वसनीय होगी जब ब्रेकआउट के बाद इंडेक्स उस स्तर के ऊपर टिके और चार्ट पर लगातार मजबूती दिखाई दे। यानी केवल एक बार 32,000 पार करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उसके ऊपर स्थिरता भी जरूरी होगी।

फिलहाल निवेशकों के लिए रणनीति साफ है। जब तक 32,000 का स्तर निर्णायक रूप से पार नहीं होता, तब तक नीचे की संभावनाओं को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। लेकिन जैसे ही यह स्तर मजबूती से टूटता है, बाजार की चाल पहले आएगी और उसके बाद उसके पीछे नई ‘कहानी’ या नैरेटिव तैयार होगा। इसलिए आईटी सेक्टर में फिलहाल सबसे अहम नजर 32,000 के स्तर पर टिकाए रखने की जरूरत है।


(शेयर मंथन, 03 सितंबर 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख