शेयर मंथन में खोजें

रुपये की कमजोरी से क्यों टिके हुए हैं एमसीएक्स में सोना-चाँदी के भाव?

सोने और चाँदी के मौजूदा ट्रेंड पर नजर डालें तो फिलहाल दोनों ही कीमती धातुएं एक स्पष्ट दिशा में नहीं हैं, बल्कि एक सीमित दायरे (range) में कारोबार कर रही हैं।

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि सोने की कीमतों में हल्की नरमी देखने को मिल रही है और यह अपने महत्वपूर्ण तकनीकी स्तरों के बीच फंसा हुआ है। करीब 4600 के आसपास का स्तर ऐसे समय में दिखाई दे रहा है, जहां ऊपर 50-दिन का मूविंग एवरेज और नीचे 200-दिन का मूविंग एवरेज एक तरह से “सैंडविच” स्थिति बना रहे हैं। इसका मतलब यह है कि बाजार में न तो मजबूत तेजी का संकेत है और न ही स्पष्ट गिरावट का। तकनीकी पैटर्न की बात करें तो सोने में “राउंडिंग टॉप” और “लोअर टॉप” जैसे संकेत मिल रहे हैं, जो आमतौर पर कमजोरी की ओर इशारा करते हैं। फिलहाल 4300 के आसपास सपोर्ट और 4900 के आसपास रेजिस्टेंस का दायरा माना जा सकता है, और जब तक इन स्तरों में से कोई निर्णायक रूप से टूटता नहीं है, तब तक ट्रेडिंग से दूरी बनाए रखना ही बेहतर रणनीति मानी जा रही है।

चांदी की बात करें तो इसमें भी लगभग इसी तरह का पैटर्न देखने को मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 75 डॉलर के आसपास है, जहां ऊपर की ओर 83 का स्तर मजबूत रेजिस्टेंस और नीचे 61 का स्तर सपोर्ट के रूप में देखा जा रहा है। चांदी में भी लगातार “लोअर टॉप” बनते नजर आ रहे हैं, जो कमजोरी का संकेत देते हैं। यानी जब तक यह 83 के स्तर को पार नहीं करती, तब तक इसमें बड़ी तेजी की उम्मीद करना जल्दबाजी हो सकती है। वहीं, भारतीय बाजार (MCX) में सोना और चांदी अंतरराष्ट्रीय कीमतों के मुकाबले ज्यादा नहीं गिरे हैं, क्योंकि रुपये में कमजोरी का असर इनके दामों को सहारा दे रहा है।

सोना और चाँदी दोनों ही इस समय अनिश्चितता के दौर में हैं, जहाँ वैश्विक कारक जैसे कच्चे तेल की कीमतें, भू-राजनीतिक तनाव और मुद्रा में उतार-चढ़ाव इनकी दिशा तय करेंगे। जब तक इन फैक्टर्स पर स्पष्टता नहीं आती, तब तक इन धातुओं में बड़ी चाल की उम्मीद करना मुश्किल है। इसलिए निवेशकों और ट्रेडर्स के लिए फिलहाल “वेट एंड वॉच” की रणनीति अपनाना ज्यादा समझदारी भरा कदम माना जा रहा है।

 



(शेयर मंथन, 05 मई 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख