हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) के हालिया कैपिटल मार्केट्स डे के बाद कई बड़े ब्रोकरेज हाउसों ने कंपनी की रणनीति और आगे की ग्रोथ को लेकर अपनी राय जारी की है।
ज्यादातर ब्रोकरेज का मानना है कि एचयूएल अब व्यापक स्तर पर बाजार पहुँच बढ़ाने के बजाय ज्यादा फोकस्ड और सेगमेंट आधारित ग्रोथ रणनीति पर काम कर रही है। प्रीमियमाइजेशन, नए उत्पाद और कैटेगरी बनाना, बेहतर डिस्ट्रीब्यूशन तथा अलग-अलग चैनलों के हिसाब से रणनीति कंपनी के अगले चरण के विकास के प्रमुख आधार माने जा रहे हैं। हालांकि, FY27 की ग्रोथ को लेकर कंपनी की ओर से स्पष्ट संख्या नहीं दिए जाने को कुछ ब्रोकरेज ने एक कमी के तौर पर देखा है।
एचयूएल को गोल्डमैन सैक्स ने दिया 2,450 रुपये का लक्ष्य
गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) ने दी खरीदें रेटिंग के साथ 2,450 रुपये का लक्ष्य दिया है। ब्रोकरेज के मुताबिक सीईओ प्रिया नायर के नेतृत्व में कंपनी का पहला कैपिटल मार्केट्स डे रणनीति को लेकर ज्यादा स्पष्टता देता है। खाद्य पदार्थ और सुंदरता व सेहत को तेज इनोवेशन और नए अवसरों के लिए प्रमुख क्षेत्र माना गया है। हॉर्लिक्स को लाइफस्टाइल न्यूट्रिशन की दिशा में दोबारा पेश करने और यीस्ट आधारित प्रोटीन लॉन्च जैसे कदमों का भी उल्लेख किया गया है। वहीं, Minimalist का रेवेन्यू दो साल में दोगुना होकर करीब 9,000 करोड़ रुपये के ARR तक पहुँचने की बात कही गई है। कंपनी ने मध्यम अवधि के EBITDA मार्जिन का दायरा पहले के 22.5-23.5% से बढ़ा कर 22-24% कर दिया है। इसके साथ ही कैपेक्स को बिक्री के 2% से बढ़ाकर करीब 3% करने की योजना है। गोल्डमैन के मुताबिक निकट अवधि में इंडस्ट्री ग्रोथ मजबूत बनी हुई है, हालांकि कंपनी ने कोई स्पष्ट ग्रोथ गाइडेंस नहीं दिया है।
CLSA ने HUL पर 'होल्ड' रेटिंग के साथ 1,804 रुपये का लक्ष्य दिया
सीएलएसए का कहना है कि कंपनी बेहतर पोर्टफोलियो, चैनल के हिसाब से रणनीति और बेहतर उत्पादों के जरिए मजबूत ग्रोथ इंजन तैयार कर रही है। क्विक कॉमर्स के लिए अलग क्षमताएं विकसित करने और विज्ञान आधारित इनोवेशन से कंपनी की प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति मजबूत हो सकती है। इसके अलावा करीब 500 बेसिस प्वाइंट की उत्पादकता और पोर्टफोलियो मिक्स से जुड़ी बचत का कार्यक्रम ग्रोथ में निवेश के लिए फंड उपलब्ध करा सकता है। इसी के चलते कैपेक्स को बिक्री के करीब 3% तक बढ़ाने और EBITDA मार्जिन गाइडेंस को 22-24% तक बढ़ाने की गुंजाइश बनी है। सीएलएसए के मुताबिक कंपनी का लक्ष्य प्रतिस्पर्धी वॉल्यूम आधारित ग्रोथ बनाए रखना है।
जेफरिज ने खरीदें के साथ 2,450 रुपये का दिया लक्ष्य
जेफरिज के अनुसार 'New India' के लिए HUL की रणनीति अब व्यापक पहुंच के बजाय ज्यादा फोकस्ड और सेगमेंट आधारित ग्रोथ की ओर बढ़ रही है। प्रीमियमाइजेशन, नई कैटेगरी बनाना और डिस्ट्रीब्यूशन को और गहरा करना अगले चरण की ग्रोथ के प्रमुख आधार होंगे। कंपनी AI आधारित एग्जीक्यूशन और खुद के संसाधनों से होने वाले बड़े री-इन्वेस्टमेंट साइकिल के जरिए इन पहलों को सपोर्ट करने की योजना बना रही है। जेफरिज को FY27 की ग्रोथ को लेकर कंपनी का रुख सकारात्मक नजर आया है। साथ ही मध्यम अवधि के मार्जिन गाइडेंस को बढ़ाकर 22-24% किया गया है।
एचएसबीसी ने खरीदें रेटिंग के साथ 2,440 रुपये का लक्ष्य दिया
एचएसबीसी के अनुसार कंपनी की वॉल्यूम आधारित ग्रोथ में कंजम्पशन और प्रीमियमाइजेशन की करीब 40%, बाजार विस्तार और नई मांग तैयार करने की रणनीति की करीब 40% तथा नए ग्रोथ स्पेस की करीब 20% हिस्सेदारी हो सकती है। एचएसबीसी का मानना है कि आने वाली तिमाहियों में कंपनी के प्रदर्शन में सुधार देखने को मिल सकता है। हालांकि, ब्रोकरेज के अनुसार कंपनी की तरफ से स्पष्ट ग्रोथ गाइडेंस मिलता तो निवेशकों की धारणा को और मजबूती मिल सकती थी।
नोमुरा ने खरीदें रेटिंग के साथ 2,450 रुपये का लक्ष्य दिया
नोमुरा के मुताबिक कंपनी 'Win in New India' रणनीति के तहत 'SASSY' अप्रोच के साथ आगे बढ़ रही है। हालांकि, FY27 के लिए कोई स्पष्ट गाइडेंस नहीं दिया गया। नोमुरा ने इसे खास तौर पर महत्वपूर्ण माना है क्योंकि इससे पहले कंपनी की ओर से डबल डिजिट EPS ग्रोथ की उम्मीद जताई गई थी। वहीं, ऑपरेटिंग मार्जिन गाइडेंस को 22.5-23.5% से बढ़ाकर 22-24% किया गया है और कैपेक्स को बिक्री के 2% से बढ़ाकर 3% करने की योजना है।
मॉर्गन स्टेनली ने 2,480 रुपये का लक्ष्य दिया
मॉर्गन स्टेनली के मुताबिक मैनेजमेंट वॉल्यूम आधारित ग्रोथ पर फोकस करता हुआ नजर आया और उसे अपने पोर्टफोलियो तथा पिछले एक साल में उठाए गए कदमों पर भरोसा है। कंपनी ने EBITDA मार्जिन गाइडेंस को बढ़ाकर 22-24% किया है, जबकि पहले यह 22.5-23.5% था। इसी तरह कैपेक्स गाइडेंस को भी राजस्व के 2% से बढ़ाकर 3% कर दिया गया है।
नुवामा ने 2,820 रुपये का दिया लक्ष्य
नुवामा के अनुसार कंपनी की ग्रोथ रणनीति कंजम्पशन, प्रीमियमाइजेशन, बाजार विस्तार और नए ग्रोथ क्षेत्रों पर आधारित है। कंपनी प्रीमियमाइजेशन, ऑपरेटिंग लीवरेज, Future Savings Lab और AI के जरिए करीब 500 बेसिस प्वाइंट की बचत हासिल करने का लक्ष्य रखती है। इस बचत का इस्तेमाल ग्रोथ में निवेश के लिए किया जा सकता है। Nuvama के अनुसार कैपेक्स बिक्री के करीब 3% तक बढ़ाया जाएगा और इसका 85% से ज्यादा हिस्सा ग्रोथ और बचत से जुड़ी पहलों पर केंद्रित रहेगा। लिक्विड डिटर्जेंट, बॉडीवॉश और स्किनकेयर जैसी कम पैठ वाली कैटेगरी में कंपनी के लिए महत्वपूर्ण ग्रोथ अवसर मौजूद हैं। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि FY27 में HUL का प्रदर्शन FY26 से बेहतर रहेगा और राजस्व वृद्धि करीब 10% रह सकती है।
(शेयर मंथन, 12 सितंबर 2026)