अजय गर्ग
सीईओ एवं निदेशक, एसएमसी ग्लोबल सिक्योरिटीज
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और जियो प्लेटफॉर्म्स (Jio Platforms) के आईपीओ का मुझे बहुत इंतजार है। दोनों कारोबार एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं, लेकिन भारत के पूँजी बाजार के लिए दोनों ही महत्वपूर्ण घटनाक्रम साबित हो सकते हैं।
एनएसई (NSE) देश के इक्विटी और डेरिवेटिव बाजार के केंद्र में है, जबकि जियो प्लेटफॉर्म्स भारत के डिजिटल और टेलीकॉम क्षेत्र की विशाल संभावनाओं को दर्शाता है।
इन दोनों आईपीओ का आकार भी एक कारण है, जिससे इन पर बहुत ध्यान दिया जा रहा है। एनएसई से करीब 30,000-31,500 करोड़ रुपये और जियो प्लेटफॉर्म्स से करीब 37,000-37,700 करोड़ रुपये जुटाये जाने की उम्मीद है। यदि ये अनुमान सही रहते हैं, तो दोनों भारत के अब तक के सबसे बड़े आईपीओ में शामिल होंगे। तुलना के लिए, 2024 में ह्यूंदै मोटर इंडिया के आईपीओ से 27,870 करोड़ रुपये जुटाये गये थे, जबकि 2022 में एलआईसी का 20,557 करोड़ रुपये का आईपीओ भी एक बड़ा और महत्वपूर्ण इश्यू था।
इन कंपनियों के वित्तीय प्रदर्शन से भी इनके कारोबार के पैमाने का अंदाजा मिलता है। वित्त वर्ष 2025-26 में एनएसई की परिचालन आय (ऑपरेटिंग रेवेन्यू) 16,601 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ (पीएटी) 10,302 करोड़ रुपये रहा। इसी अवधि में जियो प्लेटफॉर्म्स की आय 1.47 लाख करोड़ रुपये रही, जबकि शुद्ध लाभ 30,049 करोड़ रुपये रहा।
मेरा मानना है कि इन दोनों आईपीओ में संस्थागत और खुदरा, दोनों तरह के निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी देखने को मिल सकती है। हालाँकि, केवल कारोबार का आकार और ब्रांड की पहचान ही पर्याप्त नहीं होगी। अंतिम मूल्य दायरा (प्राइस बैंड) और मूल्यांकन यह तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे कि बाजार इन इश्युओं पर कैसी प्रतिक्रिया करता है। यह देखना दिलचस्प होगा कि निवेशक भारतीय अर्थव्यवस्था में इतनी अलग-अलग भूमिका निभाने वाले इन दोनों कारोबारों का मूल्यांकन किस तरह करते हैं।
मेरे लिए इन दोनों आईपीओ का महत्व केवल इनके आकार तक सीमित नहीं है, बल्कि ये इस बात का भी संकेत देंगे कि भारत का पूँजी बाजार कितना गहरे और परिपक्व हो चुका है।
(शेयर मंथन, 30 अगस्त 2026)


