शेयर मंथन में खोजें

निफ्टी (Nifty) और फिसला तो 5400-5450 पर बड़ा सहारा

राजीव रंजन झा : बीते शुक्रवार को बाजार ने कुछ यूँ डराया कि बस गिरावट की शुरुआत हो चुकी है और पिछले डेढ़ महीने से चल रहा दायरा टूट गया है।

लेकिन आज सुबह निफ्टी वापस थोड़ी सँभलने की कोशिश कर रहा है। तो बाजार के इस ताजा झटके को किस रूप में देखा जाये? ठीक इन्हीं स्तरों पर सहारा लेने की उम्मीद कितनी रहेगी, और इसके और नीचे फिसलने पर कितनी गिरावट की आशंका बनेगी?
पहली बात तो यह कि जून की तलहटी 4770 से अक्टूबर के शिखर 5815 तक की उछाल देखें तो इसकी 23.6% वापसी  5568 पर है। शुक्रवार का निचला स्तर 5560 इसके पास ही रहा और इसका बंद स्तर भी इसके ठीक ऊपर 5574 पर रहा। इसके अलावा जून, जुलाई और सितंबर की तलहटियों को मिलाती रुझान रेखा भी इसके ठीक नीचे है। लिहाजा यहाँ सहारा मिलने की उम्मीद तो जरूर की जा सकती है। लेकिन अगर यह इसके नीचे फिसलने लगा तो अगला बड़ा पड़ाव कहाँ होगा?
निफ्टी की 4770-5815 की उछाल की 38.2% का स्तर 5416 पर है। साथ ही 14 सितंबर को बना निचला अंतराल (गैप डाउन) 5447-5527 के बीच है। इसके पास ही 23 अगस्त का शिखर 5449 पर है। यानी बीते शुक्रवार की 5560 की तलहटी से नीचे टूटने पर लगभग 5400-5450 के दायरे पर नजर रहेगी। इसके नीचे 4770-5815 की संरचना में 50% वापसी 5293 पर और 61.8% वापसी 5169 पर है।
लेकिन अगर निफ्टी इस संरचना में 50% वापसी की ओर बढ़ने के बदले 23.6% या 38.2% वापसी के स्तर से ही पलट गया, तो यह तेजी जारी रहने का ही संकेत होगा। किसी भी उछाल की केवल 38.2% वापसी करके पलट जाना तेजी का रुझान जारी रहने का ही संकेत होता है।
यह भी ध्यान में रखें कि जून से अब तक की संरचना में लगातार ऊपरी तलहटियाँ बनी हैं। जून की तलहटी 4770 थी, जुलाई की तलहटी 5032 पर बनी और सितंबर में 5216 की ऊपरी तलहटी बनी। उसके बाद से अब तक कोई ऐसी बड़ी तलहटी बनी नहीं है। आगे जिस भी स्तर पर बड़ी तलहटी बनेगी, अगर वह 5216 से ऊपर रहे तो मध्यम अवधि के लिहाज से बाजार की दिशा ऊपर ही मानी जायेगी।
लेकिन इस बीच कुछ संकेत जरूर खराब हैं। निफ्टी 20 और 10 दिनों के एसएमए के नीचे आ गया है, जो छोटी अवधि में कमजोरी का संकेत है। शुक्रवार के बंद स्तर के लिहाज से 20 एसएमए 5679 पर और 10 एसएमए 5687 पर है। अगर निफ्टी जल्दी इनके ऊपर नहीं लौटा तो दबाव बढ़ेगा। इसके अलावा शुक्रवार को 50 एसएमए भी टूटा, जो 5621 पर है। इसके नीचे 100 एसएमए 5440 पर और 200 एसएमए 5319 पर हैं। आम तौर पर 50 एसएमए टूटने पर 200 एसएमए तक जाने की संभावना बनती है। लेकिन अगर यह इसके बदले 100 एसएमए पर ही सहारा ले सका तो बाजार में मध्यम अवधि की तेजी का रुझान टिका रहेगा। Rajeev Ranjan Jha
(शेयर मंथन, 19 नवंबर 2012)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"