शेयर मंथन में खोजें

क्या दिशा बदलने का संकेत दे दिया निफ्टी (Nifty) ने?

राजीव रंजन झा : शुक्रवार 26 अप्रैल की सुबह के शुरुआती कारोबार को देख कर मैंने लिखा था कि अगर आज यह 5880 के नीचे फिसला तो 5860 तक गिरने की संभावना बनेगी।
शुक्रवार को निफ्टी (Nifty) का निचला स्तर 5860 का ही रहा। शुक्रवार को कही एक और बात दोहरा दूँ कि अगर निफ्टी नये हफ्ते में 5860 से नीचे जाने लगे तो यह बाजार का रुझान फिर से बदलने का संकेत हो सकता है। दरअसल शुक्रवार को निफ्टी ने इनसाइड कैंडल बनायी है, मतलब यह है कि शुक्रवार को निफ्टी का दिन भर का दायरा गुरुवार के दायरे के भीतर पूरी तरह सिमटा रहा। गुरुवार को निफ्टी का दायरा था 5853-5925 के बीच, और शुक्रवार को इसका दायरा रहा 5860-5907 के बीच।
विश्लेषक मानते हैं कि इनसाइड बार आम तौर पर बाजार के अनिश्चय का संकेत होता है। अपनी अगली दिशा तय करने से पहले के असमंजस को दिखाने के लिए बाजार ऐसी संरचना बनाता है। लेकिन असमंजस के साथ-साथ यह अक्सर बाजार की दिशा बदलने का एक आरंभिक संकेत भी देता है। लेकिन दिशा बदलने के संकेत के लिए इस संरचना पर मैं तब भरोसा करूँगा, जब यह अगले एक-दो सत्रों में गुरुवार के निचले स्तर 5853 को तोड़ दे।
मैंने शुक्रवार को यह भी जिक्र किया था कि जनवरी के शिखर 6112 और मार्च के शिखर 5971 को मिलाने वाली जिस रुझान रेखा पर पहले बाधा दिख रही थी, वहाँ अब कुछ सहारा मिल सकता है। यह गिरती रेखा है जो अगले कुछ दिनों में 5830-5820 के आसपास सहारा देती रहेगी।
इस समय एक और कारण से निफ्टी के लिए 5820 एक महत्वपूर्ण स्तर बन गया है। ध्यान दें कि निफ्टी ने 10 अप्रैल की तलहटी 5477 से लेकर गुरुवार 25 अप्रैल के शिखर 5925 तक की जो उछाल दर्ज की, उसकी 23.6% वापसी 5819 पर है। इस तरह 5820-5860 का एक दायरा बनता है, जो छोटी अवधि के लिए समर्थन स्तर बनेगा और उसके टूटने पर कमजोरी आयेगी।
अगर निफ्टी 5820 का स्तर तोड़ दे तो 5477-5925 की संरचना में अगले समर्थन स्तर 38.2% वापसी यानी 5754, फिर 50% वापसी यानी 5701 और उसके बाद 61.8% वापसी यानी 5648 पर होंगे।
इसके साथ ही अगर 50 दिनों के सिंपल मूविंग एवरेज पर गौर करें तो अभी यह 5765 पर है। इस तरह निफ्टी के लिए नीचे की ओर पहला अहम लक्ष्य या सहारा 5765-5754 के दायरे में बनता है।
लेकिन साथ में यह भी ध्यान रखें कि 11 मार्च के शिखर 5971 से 10 अप्रैल की तलहटी 5477 तक की गिरावट की 80% वापसी 5872 पर है। अगर निफ्टी नये हफ्ते में 5853 के नीचे फिसलने के बदले 5872 के ऊपर टिकता दिखे तो यह गुरुवार के ऊपरी स्तर 5925 के करीब जाने की कोशिश करेगा। अगर यह 5925 के भी ऊपर निकल पाया तो मार्च के शिखर 5971 से पहले इसकी गाड़ी नहीं रुकेगी, यानी फिर से 5970-6000 के दायरे पर नजर टिक जायेगी। Rajeev Ranjan Jha 
(शेयर मंथन, 29 अप्रैल 2013)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"