शेयर मंथन में खोजें

बाजार में वापस उछाल की गुंजाइश तो है, मगर...

राजीव रंजन झा : तो आखिरकार निफ्टी (Nifty) ने 5400, या इसके कुछ नीचे के स्तरों को छूने का काम पूरा कर ही लिया।
कल भी मैंने याद दिलाया था कि 31 जुलाई को ही मैंने 5374 तक फिसलने का अंदेशा जताया था। इससे पहले मैंने मासिक पत्रिका निवेश मंथन के जुलाई अंक में भी लिखा था कि जून के अंतिम हफ्ते की तलहटी 5566 के नीचे जाने पर 4531 (दिसंबर 2011 की तलहटी) से 6229 (मई 2013 के शिखर) तक की उछाल की 50% वापसी यानी 5380 तक गिरने की आशंका बन जायेगी। कल सुबह बाजार खुलने के बाद निफ्टी की चाल देख कर मैंने जिक्र किया था कि 5374 के लक्ष्य के पास निफ्टी को सहारा मिल सकता है। कल निफ्टी ने 5361 का निचला स्तर छुआ और इसके बाद सँभल कर 5415 पर बंद हुआ। अगर हम 14 अगस्त के ऊपरी स्तर 5755 से देखें तो दोदिनों में निफ्टी ने 5361 के निचले स्तर पर 394 अंक गँवा बैठा। केवल दो दिनों में इतनी गिरावट के बाद बाजार का कुछ वापस सँभलना तो बनता है। अगर निफ्टी 5450 के ऊपर बढ़ना शुरू करे तो इस उछाल की उम्मीद और जोर पकड़ेगी।
लेकिन ऐसी कोई भी उछाल ज्यादा दमदार हो सके, इसकी उम्मीद अभी नहीं है। शायद ज्यादा-से-ज्यादा 5550-5600 तक जाते-जाते इसका दम फूल जाये। इसने 5755 से 5361 तक की जो गिरावट दर्ज की है, उसकी 50% वापसी 5558 पर और 61.8% वापसी 5604 पर है। अगर आज या आने वाले सत्रों में निफ्टी 5361 के नीचे न जाये और वापस सँभलना शुरू कर दे तो भी इस 5550-5600 के दायरे को पार करना आसान नहीं होगा। अगर पार कर भी ले तो 5755 को आने वाली किसी वापस उछाल की ऊपरी सीमा माना जा सकता है। कोई बेहद सकारात्मक नयी खबर ही निफ्टी को इसके ऊपर ले जा सकती है।
आगे चल कर दो तरह की स्थितियाँ बन सकती हैं। एक स्थिति यह हो सकती है कि निफ्टी नीचे 5350-5400 के आसपास सहारा लेता रहे और ऊपर 5550-5600 पर अटकता रहे। इस तरह करीब दो-ढाई सौ अंक का दायरा बन जायेगा, जिसमें यह समय गुजारेगा। दूसरी स्थिति यह हो सकती है कि निफ्टी 5350-5400 के समर्थन क्षेत्र को भी तोड़ कर इसके नीचे फिसल जाये। यह स्थिति बाजार के लिए खतरनाक होगी। मैंने मासिक पत्रिका निवेश मंथन के अगस्त अंक में भी जिक्र किया है कि 2253-6339 की 23.6% वापसी का स्तर 5374 टूटने के बाद 38.2% वापसी का अगला बड़ा पड़ाव 4778 पर आता है।
अगर अभी इतनी गहरी गिरावट की बात न भी सोचें तो दिसंबर 2011 की तलहटी 4531 से मई 2013 के शिखर 6229 तक की उछाल की 50% वापसी का स्तर 5380 टूटने के बाद 61.8% वापसी का अगला पड़ाव 5180 का होगा। Rajeev Ranjan Jha
(शेयर मंथन, 20 अगस्त 2013)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"