शेयर मंथन में खोजें

लीप इंडिया आईपीओ : एसेट पूलिंग मॉडल के दम पर बाजार में दस्तक देने की तैयारी

लॉजिस्टिक्स सेक्टर से जुड़ी कंपनी लीप इंडिया (Leap India) अपना आईपीओ लेकर आ रही है।

पहली नजर में यह कंपनी एक सामान्य लॉजिस्टिक्स कंपनी लग सकती है, लेकिन इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके पास खुद का ट्रक या वेयरहाउस नहीं है। इसके बजाय कंपनी सप्लाई चेन में इस्तेमाल होने वाले पैलेट, क्रेट, यूटिलिटी बॉक्स और अन्य एसेट्स को किराये पर उपलब्ध कराती है। कंपनी का दावा है कि इस मॉडल से ग्राहकों को भारी पूंजी निवेश (कैपेक्स) करने की जरूरत नहीं पड़ती और उनकी सप्लाई चेन अधिक तेज, सुरक्षित और किफायती बनती है।

कंपनी का आईपीओ लगभग 2,480 करोड़ रुपये का है। इसमें 2,000 करोड़ रुपये का हिस्सा ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए आएगा, जबकि केवल 480 करोड़ रुपये की नई इक्विटी जारी की जाएगी। कंपनी के अनुसार फ्रेश इश्यू से मिलने वाली राशि का बड़ा हिस्सा कर्ज चुकाने में लगाया जाएगा, जबकि शेष रकम का उपयोग सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों और भविष्य की ग्रोथ के लिए किया जाएगा। लीप इंडिया के संस्थापक सोनू मैथ्यू के मुताबिक कंपनी का बिजनेस मॉडल एसेट पूलिंग पर आधारित है। कंपनी अपने ग्राहकों को पैलेट और अन्य लॉजिस्टिक एसेट्स किराये पर देती है, जिससे सामान की लोडिंग-अनलोडिंग तेजी से होती है, उत्पादों को नुकसान कम होता है और पूरी सप्लाई चेन अधिक कुशल बनती है। कंपनी का कहना है कि पैलेट के इस्तेमाल से जिस ट्रक को पारंपरिक तरीके से भरने में कई घंटे लगते हैं, वही काम कुछ ही मिनटों में पूरा किया जा सकता है।

कंपनी का दावा है कि पिछले कुछ वर्षों में उसके कारोबार में लगातार मजबूत वृद्धि हुई है। वित्त वर्ष 2025-26 में राजस्व और मुनाफे दोनों में लगभग 60% की वृद्धि दर्ज की गई। प्रबंधन का कहना है कि अधिग्रहण से जुड़े एकमुश्त खर्च और ब्याज लागत को छोड़ दें तो कंपनी का मुनाफा लगातार बढ़ा है और आने वाले वर्षों में भी इसी तरह की ग्रोथ बनाए रखने का लक्ष्य है।

लीप इंडिया का मानना है कि भारत में पैलेट पूलिंग का बाजार अभी शुरुआती दौर में है। विकसित देशों में जहां इस मॉडल का इस्तेमाल 85% से 98% तक होता है, वहीं भारत में इसकी हिस्सेदारी अभी करीब 15% है। कंपनी का मानना है कि मैन्युफैक्चरिंग, क्विक कॉमर्स, ऑटोमोबाइल, सोलर और एफएमसीजी जैसे क्षेत्रों के विस्तार के साथ इस कारोबार की मांग लगातार बढ़ेगी, जिससे भविष्य में कंपनी के लिए मजबूत विकास की संभावनाएं बनी रहेंगी।

प्रबंधन के अनुसार इस कारोबार में नए खिलाड़ियों के लिए प्रवेश आसान नहीं है। मजबूत नेटवर्क, बड़ी संख्या में एसेट्स, देशभर में व्यापक वितरण व्यवस्था और वर्षों के अनुभव के कारण कंपनी ने इस क्षेत्र में मजबूत स्थिति बनाई है। वर्तमान में Leap India के पास 1.47 करोड़ से अधिक एसेट्स, 10,000 से ज्यादा सर्विस लोकेशन और 1,000 से अधिक ग्राहक हैं। कंपनी का दावा है कि पिछले 12 वर्षों में किसी भी प्रमुख ग्राहक ने उसकी सेवाएं नहीं छोड़ी हैं, जो उसके बिजनेस मॉडल की मजबूती को दर्शाता है।


(शेयर मंथन, 06 अगस्त 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख