औंधे मुँह गिरे एशियाई शेयर बाजार
बुधवार को यूरोपीय और अमेरिकी शेयर बाजारों में आयी गिरावट का असर गुरुवार को एशियाई बाजारों पर स्पष्ट तौर पर दिखा और सभी एशियाई बाजार औंधे मुँह गिर गये। एक ओर जहां दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में साढ़े सात प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गयी, वहीं हांगकांग के सूचकांक हैंग सेंग में भी सात प्रतिशत से अधिक की कमजोरी देखने को मिली। जापान के निक्केई सूचकांक ने एक बार फिर 9,000 का स्तर तोड़ दिया और साढ़े छः प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,899 पर बंद हुआ। ताइवान वेटेड, स्ट्रेट टाइम्स और जकार्ता कंपोजिट में भी चार से छः प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गयी। लेकिन गिरावट की इस आँधी के बीच शंघाई कंपोजिट स्वयं को बचाने में कुछ हद तक कामयाब रहा और इसमें लगभग ढ़ाई प्रतिशत की गिरावट देखी गयी। भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुले और दिन भर उतार-चढ़ाव का क्रम बना रहा। दिन भर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 386 अंकों की गिरावट के साथ 9,734 पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी 102 अंकों की कमजोरी के साथ 2,893 पर बंद हुआ।
Select a news topic from the list below, then select a news article to read.