सोनू कुमार दुबे जानना चाहते हैं कि उन्हें इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉर्पोरेशन (Indian Railway Finance Corporation) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि कंपनी के हालिया तिमाही नतीजों पर नजर डालें तो ग्रोथ में धीमापन साफ दिखाई देता है। खासतौर पर सेल्स ग्रोथ की रफ्तार, जो पहले बेहतर थी, अब लगातार गिरती नजर आ रही है और यही गिरावट आगे चलकर डी-ग्रोथ में बदलती दिख रही है। ऐसे में जब तक कंपनी फिर से अपनी सेल्स ग्रोथ को पटरी पर नहीं लाती, तब तक किसी भी अन्य पैरामीटर के आधार पर इसमें मजबूती की उम्मीद करना थोड़ा मुश्किल लगता है।
टेक्निकल नजरिए से देखें तो स्टॉक ने अपने पुराने लो लेवल को तोड़ा है, जिसे आमतौर पर एक नेगेटिव संकेत माना जाता है। हालांकि, बाजार में उतार-चढ़ाव सामान्य बात है और इसमें बीच-बीच में 109, 112 या 115 जैसे लेवल तक उछाल भी देखने को मिल सकता है। लेकिन सिद्धांत यही कहता है कि जब कोई स्टॉक अपने लंबे समय के सपोर्ट को तोड़ देता है, तो उस ब्रेकडाउन को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
वैल्यूएशन के लिहाज से भी अगर स्टॉक में करीब 25% की गिरावट आती है और यह 75 रुपये के आसपास पहुंचता है, तो यह अपने मीडियन पी/ई से नीचे आ सकता है, जहां एक मजबूत बेस बनने की संभावना रहती है। फिलहाल के लिए यह माना जा सकता है कि आईआरएफसी 75 से 115 रुपये की रेंज में कारोबार कर सकता है। इस दायरे से बाहर निकलने के लिए कंपनी के फंडामेंटल्स, खासकर सेल्स ग्रोथ में सुधार बेहद जरूरी होगा। ऐसे में निवेशकों को जल्दबाजी के बजाय कंपनी के आने वाले नतीजों पर नजर रखते हुए ही आगे की रणनीति बनानी चाहिए।
(शेयर मंथन, 27 अप्रैल 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)