शेयर मंथन में खोजें

अगली बड़ी तेजी के लिए आधार बना रहा है बाजार

नितेश चंद

फंड मैनेजर, साइक्स ऐंड रे इक्विटीज (आई)

भारतीय बाजार अभी मूल्य में गिरावट (प्राइस करेक्शन) और समयगत सुधार (टाइम करेक्शन) के दौर से गुजर रहा है। यह सुधार अगली बड़ी तेजी के लिए एक मजबूत आधार तैयार कर सकता है।

मेरा अनुमान है कि दिसंबर 2026 तक सेंसेक्स 75,000 और निफ्टी 22,500 के स्तर की ओर से फिर से फिसल सकते हैं। पर अगले 12 महीनों में, यानी जून 2027 तक, सेंसेक्स के लिए मेरा लक्ष्य 80,000 और निफ्टी के लिए 25,000 है। 

इस समय भारतीय शेयर बाजार के लिए सबसे बड़ी सकारात्मक बात यह है कि घरेलू निवेशकों की खरीदारी एफपीआई की बिकवाली के दबाव को काट रही है। यदि एफपीआई की बिकवाली का दबाव कम होता है, तो यह बाजार के लिए एक सकारात्मक उत्प्रेरक बन सकता है। दूसरी ओर, कई मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों की कीमतें अपने ऊँचे स्तर पर हैं। इन शेयरों में गिरावट आने से बाजार की समग्र धारणा पर असर पड़ सकता है।

अगले 12 महीनों में भारतीय बाजार का प्रदर्शन वैश्विक बाजारों के अनुरूप रहने की उम्मीद है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कॉर्पोरेट आय में 0–10% की वृद्धि होगी। मेरी नजर में कैपिटल गुड्स और फार्मा क्षेत्र बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं, जबकि बैंकिंग एवं फाइनेंस क्षेत्र का प्रदर्शन कमजोर रह सकता है। अगले 12 महीनों के लिए मेरे सबसे पसंदीदा शेयरों में एबीबी, एलऐंडटी, अदाणी एंटरप्राइजेज और डेल्हीवरी शामिल हैं।

अगले छह महीनों में भारतीय बाजार के लिए सबसे महत्वपूर्ण कारक तिमाही नतीजे होंगे। अमेरिका-ईरान युद्ध का भारतीय बाजार पर हल्का नकारात्मक असर पड़ा है। मुझे नहीं लगता कि हालिया अमेरिका-ईरान संघर्ष समाप्त हो गया है और इस बारे में यह कहना भी मुश्किल है कि अमेरिका और ईरान के बीच अंतिम समझौता होगा या नहीं। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता दिसंबर 2026 तक होने की आशा रखी जा सकती है। यदि अगले 3–6 महीनों में यह समझौता हो जाता है, तो इसका भारतीय बाजार पर सकारात्मक असर पड़ेगा।

ब्याज दरों के मोर्चे पर, अमेरिका या भारत में ब्याज दरों में किसी भी तरह की बढ़ोतरी का बाजार पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। वहीं मेरा मानना है कि वैश्विक एआई बुलबुला फूटना शुरू हो गया है और भारतीय कंपनियों की कीमतों में इसका असर पहले ही काफी हद तक शामिल हो चुका है।

अगले छह महीनों में कच्चे तेल की कीमतों में किसी भी तरह की बढ़ोतरी या ब्याज दरों में वृद्धि की ओर ले जाने वाली कोई भी वैश्विक घटना भारतीय बाजार के लिए महत्वपूर्ण जोखिम हो सकती है। मुझे उम्मीद है कि एफपीआई 2027 की पहली छमाही तक भारतीय शेयर बाजार में फिर से शुद्ध खरीदार बन सकते हैं। अगले छह महीनों में डॉलर की कीमत 95–99 रुपये के दायरे में रह सकती है। सेंसेक्स के 1 लाख के स्तर तक पहुँचने की उम्मीद मुझे वर्ष 2028 तक है।

(शेयर मंथन, 19 जुलाई 2026)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • इस बार ज्यादा मजबूत है तेजी टिकने की आशा - निवेश मंथन (अक्टूबर 2026)

    अभी कुछ ही दिनों पहले तक लग रहा था कि यह दीपावली शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए थोड़ी ठंडी रहने वाली है, क्योंकि 2 साल से बाजार ठंडा चल रहा है। पर अमेरिकी चुनाव के नतीजों से कच्चे तेल के भाव लुढ़के और एआई के लिए वैश्विक निवेशकों की दीवानगी भी टूटी।

  • बीमा क्षेत्र के लिए दबा रीसेट बटन - निवेश मंथन (सितंबर 2026)

    एक चर्चित विज्ञापन की टैगलाइन थी – पूरे घर के बदल डालूँगा! बीमा क्षेत्र के नियामक – भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने हाल में अपने एक विमर्श पत्र (कंसल्टेशन पेपर) में पूरे बीमा क्षेत्र में सुधार लाने वाले इतने व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखा है, मानो इरडा ने कहा हो – पूरे घर को बदल डालूँगा!

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

राग-बाजारी