वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हालिया गिरावट के बावजूद ऊर्जा बाजार की अनिश्चितता अभी खत्म नहीं हुई है।
ऊर्जा विशेषज्ञ नरेंद्र तनेजा का मानना है कि अमेरिका में ट्रंप की पार्टी को चुनाव में मिली हार से बाजार में सकारात्मक माहौल जरूर बना है, लेकिन इससे पश्चिम एशिया के भू-राजनीतिक समीकरणों में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है। इजरायल और ईरान के बीच तनाव बरकरार है। ईरान का अपना क्षेत्रीय प्रभाव बढ़ाने का एजेंडा है, जबकि इजरायल भी अपनी रणनीतिक स्थिति मजबूत करना चाहता है। इसके अलावा हूती और हमास जैसे संगठनों से जुड़ी चुनौतियां भी बनी हुई हैं।
तनेजा के मुताबिक, जब तक इजरायल और ईरान बातचीत की मेज पर नहीं आते और किसी ठोस समाधान तक नहीं पहुंचते, तब तक तेल बाजार में अनिश्चितता बनी रहेगी। अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होने की संभावना हो सकती है, लेकिन अगर इजरायल उसमें शामिल नहीं होता है तो ऐसे समझौते की स्थिरता पर सवाल बने रहेंगे। मौजूदा हालात में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का एक बड़ा कारण बाजार की सकारात्मक धारणा और दूसरा मध्य पूर्व से तेल की आपूर्ति का धीरे-धीरे सामान्य होना है। रूसी तेल की उपलब्धता भी वैश्विक सप्लाई को सहारा दे रही है।
विशेषज्ञ का अनुमान है कि मौजूदा परिस्थितियों में कच्चे तेल की कीमतें 85 से 105 डॉलर प्रति बैरल के दायरे में रह सकती हैं। हालांकि, सकारात्मक राजनीतिक बयान आने पर कीमतें 80 डॉलर तक भी फिसल सकती हैं। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह गिरावट कितनी टिकाऊ होगी। उनके अनुसार, बाजार में अभी भी जोखिम का प्रीमियम शामिल है और केवल मांग-आपूर्ति के आधार पर कीमतों का आकलन करना सही नहीं होगा। इसलिए निवेशकों को तेल की कीमतों में आई हालिया गिरावट को स्थायी राहत मानने से बचना चाहिए।
(शेयर मंथन, 12 नवंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)


