भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद
कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 169 अंकों की मजबूती के साथ 9,635 पर रहा। निफ्टी 55 अंकों की बढ़त के साथ 2,948 पर बंद हुआ। कल औद्योगिक उत्पादन 2% घटने की खबर आने के बावजूद भारतीय शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट नहीं आयी। मिलेजुले वैश्विक संकेतों के मद्देनजर आज सुबह भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ खुले। आज दोपहर में संसद में वर्ष 2009-10 का अंतरिम रेल बजट पेश किया गया। अंतरिम रेल बजट में सभी ट्रेनों के किरायें में 50 रुपये से ऊपर 2% की कमी करने का ऐलान किया गया है। इस खबर ने शेयर बाजार को और मजबूती प्रदान की। शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 1.78% की उछाल के साथ बंद हुआ।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में आज के कारोबार में रिलायंस पावर के शेयर भाव में बढ़त का रुख है। कंपनी का शेयर भाव आज के कारोबार में 109 रुपये का ऊँचा स्तर छूने के बाद दोपहर 3.19 बजे 5.14% की बढ़त के साथ 108.45 रुपये पर था। अनिल अंबानी समूह की कंपनी रिलायंस पावर को झारखंड के तिलैया में 4000 मेगावॉट की विद्युत परियोजना पर कार्य करने लिये आशय पत्र मिल गया है।