शेयर मंथन में खोजें

बाजार में एक साथ पूरा पैसा लगाने से बचें, इन सेक्टरों के शेयरों पर विशेषज्ञ की नजर

मौजूदा समय में शेयर बाजार में निवेशकों को काफी सतर्क और चुनिंदा रणनीति के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।

कोटक के रिसर्च हेड श्रीकांत चौहान का कहना है कि इस समय 10 ऐसे शेयर चुनना आसान नहीं है जिन पर एक साथ बहुत ज्यादा कन्विक्शन जताया जा सके। उनका मानना है कि मौजूदा बाजार कई तरह की खबरों और अनिश्चितताओं से घिरा हुआ है। ऐसे माहौल में निवेशकों को एक ही बार में अपना पूरा पैसा बाजार में लगाने के बजाय धीरे-धीरे निवेश करना चाहिए।

अगर निफ्टी 25,000 से गिरकर 24,000 के आसपास आ गया है तो केवल इस आधार पर पूरा निवेश कर देना सही रणनीति नहीं होगी। बाजार में आगे भी निवेश के नए मौके बन सकते हैं। इसलिए निवेशकों को अपने निवेश को चरणबद्ध तरीके से करने पर ध्यान देना चाहिए। इस रणनीति से बाजार में आने वाले उतार-चढ़ाव का फायदा उठाने और जोखिम को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

ऑटो सेक्टर में महिंद्रा एंड महिंद्रा और टीवीएस मोटर प्रमुख हैं। उनका मानना है कि दोनों कंपनियों में निवेश के नजरिए से संभावनाएं हैं। टीवीएस मोटर का शेयर मौजूदा समय में अपनी फेयर वैल्यू के करीब कारोबार कर रहा है, लेकिन आने वाले तिमाही नतीजे बेहतर रहने की उम्मीद है। इसके अलावा आयशर मोटर्स को भी वॉचलिस्ट में रखा जा सकता है। कंपनी 350 सीसी के साथ-साथ 250 सीसी सेगमेंट में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है, जिससे आने वाले समय में शेयर में मोमेंटम बने रहने की संभावना है।

मेटल सेक्टर में वेदांता एल्युमिनियम और जेएसडब्ल्यू स्टील विशेषज्ञ की पसंद में शामिल हैं। वेदांता एल्युमिनियम के मौजूदा स्तरों से करीब 20 फीसदी तक की तेजी की संभावना बताई गई है और इसमें निवेश धीरे-धीरे करने की सलाह दी गई है। वहीं जेएसडब्ल्यू स्टील में करीब 10-15 फीसदी की संभावित तेजी के साथ डाउनसाइड सीमित रहने की उम्मीद जताई गई है। बेहतर अंतरराष्ट्रीय और घरेलू परिस्थितियों से मेटल कंपनियों को कमोडिटी कीमतों में बढ़ोतरी का फायदा मिला है।

डिफेंस सेक्टर में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स को प्रमुख पसंद बताया गया है। विशेषज्ञ के अनुसार डिफेंस कंपनियों के हालिया नतीजे अच्छे रहे हैं और इस क्षेत्र में निवेशकों की दिलचस्पी भी बनी हुई है। हालांकि, कुछ प्रमुख डिफेंस शेयरों की वैल्यूएशन महंगी दिखाई देती है। इसके बावजूद लंबी अवधि के निवेशक एचएएल और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे शेयरों पर नजर रख सकते हैं।


(शेयर मंथन, 02 सितंबर 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख