शेयर मंथन में खोजें

मजबूत Q1 रिजल्ट के बाद एयरटेल पर खरीदारी की सलाह, जानें किसने दिया सबसे बड़ा टारगेट

भारती एयरटेल के जून तिमाही नतीजों ने ब्रोकरेज हाउसों को प्रभावित किया है।

कंपनी के मजबूत परिचालन प्रदर्शन के बाद सिटी, सीएलएसए, मैक्वेरी और जेफरीज ने शेयर पर सकारात्मक रुख बरकरार रखा है और लक्ष्य कीमतों में बढ़ोतरी या उन्हें ऊँचे स्तर पर बनाये रखा है।

सीटी ने एयरटेल को दिया 2,190 रुपये का लक्ष्य

सीटी ने एयरटेल पर 'खरीदारी' रेटिंग के साथ 2,190 रुपये का लक्ष्य दिया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, भारत के मोबाइल कारोबार में राजस्व और EBITDA तिमाही आधार पर करीब 4% बढ़े, जो अनुमान से बेहतर रहे। बिना किसी टैरिफ बढ़ोतरी के भी मोबाइल कारोबार का सालाना राजस्व 9% और EBITDA 12% बढ़ा। एंटरप्राइज बिजनेस (Airtel Business) में दोहरे अंकों की वृद्धि के दम पर भारत (इंडस टावर्स को छोड़कर) का राजस्व और EBITDA क्रमशः 11% और 13% बढ़ा। वहीं, मजबूत फ्री कैश फ्लो और सीमित पूंजीगत व्यय (Capex) की बदौलत कंपनी का नेट डेट भी तिमाही आधार पर 5% घटा।

सीएलएसए ने एयरटेल को क्या दिया लक्ष्य?

सीएलएसए ने एयरटेल पर 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग के साथ 2,330 रुपये का लक्ष्य रखा है। ब्रोकरेज का कहना है कि जून तिमाही में कंपनी का समेकित राजस्व और EBITDA बाजार के अनुमानों से बेहतर रहा, जिसमें भारत और अफ्रीका के कारोबार का बड़ा योगदान रहा। भारत के मोबाइल कारोबार में ARPU बढ़कर 264 रुपये पहुंच गया, जो तिमाही आधार पर 3% अधिक है। पोस्टपेड 'फास्ट लेन' सेवा की शुरुआत के बाद कंपनी ने अब तक के सबसे अधिक पोस्टपेड ग्राहक जोड़े। तिमाही के दौरान कंपनी ने 16,500 करोड़ रुपये का मजबूत फ्री कैश फ्लो भी दर्ज किया, जबकि कर्ज का स्तर (Gearing) केवल 1.2 गुना रहा।

मैक्वेरी ने भी दिया आउटपरफॉर्म

मैक्वेरी ने एयरटेल पर 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग के साथ 2,220 रुपये का लक्ष्य दिया है। ब्रोकरेज के अनुसार, कंपनी ने जून तिमाही में मजबूत और स्थिर प्रदर्शन किया। ग्राहक संख्या में वृद्धि, उम्मीद से बेहतर ARPU और EBITDA मार्जिन में सुधार यह दिखाता है कि कंपनी के राजस्व बढ़ने के साथ परिचालन लाभ (Operating Leverage) भी मजबूत हो रहा है।

जेफरीज ने दिया 2,360 रुपये का लक्ष्य

जेफरीज ने भी एयरटेल पर भरोसा जताते हुए 'एक्युमुलेट' रेटिंग बरकरार रखी है और लक्ष्य मूल्य 2,360 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि मोबाइल ग्राहकों की संख्या और ARPU अनुमान से बेहतर रहे। साथ ही एयरटेल बिजनेस और अफ्रीका के कारोबार में मजबूत वृद्धि तथा स्वस्थ फ्री कैश फ्लो कंपनी की प्रमुख सकारात्मक बातें हैं। Jefferies को वित्त वर्ष 2027 से 2029 के बीच EBITDA में 14% और EPS में 28% की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि (CAGR) की उम्मीद है।

(शेयर मंथन, 05 अगस्त)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • अगले 6-12 महीनों में तेज वापसी की आशा - निवेश मंथन (जून 2026)

    बाजार में इस साल की शुरुआत में यह धारणा दिख रही थी कि 2025 खराब गया है, पर 2026 उससे बेहतर होगा। आधा साल बीतने के बाद यह तो स्पष्ट है कि भूराजनीति और ट्रंप ने तब बाजार को जितना डरा रखा था, उनका वास्तविक असर उससे काफी बुरा रहा। 

  • 2025-26 के सर्वश्रेष्ठ फंड - निवेश मंथन (मई 2026)

    पिछले दो वित्त-वर्ष शेयर बाजार और उसके साथ ही इक्विटी केंद्रित म्यूचुअल फंडों के लिए भी आशा-निराशा के बीच झूलते रहने वाले साबित हुए हैं। इस उठापटक ने शेयर बाजार और म्यूचुअल फंडों के प्रतिफल (रिटर्न) को बुरी तरह चोट पहुँचायी है। इस लिहाज से 2025-26 के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वाले फंडों का चयन करना एक सहज अध्ययन नहीं है। 

देश मंथन के आलेख