एक निवेशक जानना चाहते हैं कि उन्हें मैनकाइंड फार्मा (Mankind Pharma) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि हाल के नतीजों में कंपनी ने लगभग 11% की सेल्स ग्रोथ दिखाई है, जबकि मार्जिन में करीब 1% की हल्की-सी बढ़त रही है। मुनाफे की ग्रोथ भी लगभग 10% के आसपास रही, यानी प्रदर्शन ठीक-ठाक है लेकिन कोई बहुत तेज या “सुपर नॉर्मल” ग्रोथ नहीं दिखी। इसी वजह से फिलहाल स्टॉक में बहुत ज़्यादा तेजी नहीं आई है और निवेशक इसे लेकर थोड़ा सतर्क नजर आ रहे हैं।
फार्मा सेक्टर को लेकर आउटलुक अब धीरे-धीरे पॉजिटिव होता दिख रहा है। टैरिफ को लेकर जो अनिश्चितता थी, उसमें काफी हद तक स्पष्टता आ चुकी है, जिससे सेक्टर पर बना दबाव कम होना चाहिए। ऐसे में आने वाले समय में फार्मा शेयरों में एक और राउंड की खरीदारी देखने को मिल सकती है। इंडस्ट्री में अगर दोबारा मजबूती आती है तो मैनकाइंड फार्मा भी उसमें हिस्सा ले सकता है, हालांकि कंपनी की ग्रोथ फिलहाल वैल्यूएशन के मुकाबले थोड़ी कम दिखाई देती है।
वैल्यूएशन की बात करें तो मैनकाइंड फार्मा करीब 46–47 गुना पी/ई पर ट्रेड कर रहा है, जबकि सालाना ग्रोथ करीब 15% के आसपास मानी जा रही है। इस हिसाब से स्टॉक थोड़ा महंगा कहा जा सकता है। यही वजह है कि निकट अवधि में इसमें तेज़ वेल्थ क्रिएशन की उम्मीद कम है और स्टॉक लंबे समय तक कंसोलिडेशन फेज में रह सकता है। यानी भाव बहुत ऊपर जाने की बजाय एक सीमित दायरे में घूमते रह सकते हैं।
तकनीकी नजरिए से देखें तो स्टॉक पहले ही लगभग 50–60% तक करेक्शन दिखा चुका है। नीचे की तरफ 1900-2000 के आसपास का ज़ोन मजबूत सपोर्ट की तरह काम कर सकता है और इसके नीचे कीमत टिकने की संभावना कम लगती है। जब फार्मा सेक्टर या फार्मा इंडेक्स नया हाई बनाएगा, तब मैनकाइंड फार्मा में भी बेहतर भागीदारी देखने को मिल सकती है। तब तक निवेशकों को इसमें धैर्य रखना चाहिए और इसे कंसोलिडेशन फेज का हिस्सा मानकर देखना चाहिए।
(शेयर मंथन, 14 फरवरी 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)