विश्लेषक शोमेश कुमार के अनुसार प्रधानमंत्री का संदेश मुख्य रूप से “डैमेज कंट्रोल” का संकेत था। सरकार यह मान चुकी है कि महंगाई और वैश्विक दबाव आने वाले महीनों में अर्थव्यवस्था पर असर डालेंगे।
इसलिए जनता को पहले से मानसिक रूप से तैयार करने की कोशिश की गई। बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि हालांकि बाजार ने इस संदेश को बहुत नकारात्मक तरीके से नहीं लिया। निफ्टी 23,000 के ऊपर टिके रहने में सफल रहा, जिससे यह संकेत मिलता है कि बाजार पहले ही काफी हद तक इन जोखिमों को कीमतों में शामिल कर चुका है। डोनाल्ड ट्रंप की चीन यात्रा को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं हुईं। सोमेश कुमार का मानना है कि यह यात्रा अमेरिका की मजबूरी और चीन की बढ़ती ताकत को दिखाती है। उनके अनुसार आज चीन वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग, रेयर अर्थ और ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला में इतनी मजबूत स्थिति में है कि अमेरिका को खुद बातचीत के लिए आगे आना पड़ रहा है। हालांकि उनका मानना है कि अमेरिका और चीन के बीच स्थायी दोस्ती संभव नहीं है क्योंकि दोनों वैश्विक शक्ति संतुलन में प्रतिद्वंद्वी हैं। भारत के लिए इसका अर्थ यह है कि वैश्विक तनाव जल्दी समाप्त होने की संभावना कम है और उसका असर ऊर्जा कीमतों तथा व्यापार पर बना रह सकता है।
(शेयर मंथन, 18 मई 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

