शेयर बाजार में हालिया तेजी के बावजूद निवेशकों के लिए आगे की राह आसान नहीं दिख रही है।
इनॉक इंटरमीडियरीज के एमडी विजय चोपड़ा का मानना है कि मौजूदा वैश्विक और घरेलू परिस्थितियों को देखते हुए दिवाली तक बाजार की दिशा का अनुमान लगाना मुश्किल है। रूस-यूक्रेन युद्ध, ईरान से जुड़े तनाव और अमेरिका की ओर से लगातार मिल रही चेतावनियों के कारण वैश्विक अनिश्चितता बनी हुई है। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 110-117 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहने से भारत की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ सकता है। चोपड़ा के मुताबिक, तेल की उपलब्धता में कमी और टैंकरों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण कीमतों में अस्थिरता बनी हुई है। हालांकि, डॉलर के मुकाबले रुपये में कुछ मजबूती आई है, लेकिन इसे बाजार में बड़ी तेजी का संकेत नहीं माना जा सकता।
घरेलू स्तर पर भी कुछ ऐसे मुद्दे हैं, जो शेयर बाजार की धारणा को प्रभावित कर रहे हैं। खासकर शेयर बाजार पर लगने वाले टैक्स को लेकर निवेशकों में चिंता है। उनका मानना है कि भारत में टैक्सेशन का स्तर काफी ऊंचा है और सरकार को इस दिशा में जल्द कदम उठाने की जरूरत है। उनके मुताबिक, ऊंचे टैक्सेशन की वजह से विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) का भरोसा कमजोर हुआ है और वे लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। एक दिन में 10,000 से 11,000 करोड़ रुपये तक की बिकवाली इस दबाव को दिखाती है। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) और म्यूचुअल फंड लगातार खरीदारी कर रहे हैं, जिससे विदेशी निवेशकों की बिकवाली का असर काफी हद तक कम हो रहा है। चोपड़ा के अनुसार, अगर घरेलू निवेशकों का यह समर्थन नहीं होता तो बाजार के प्रमुख सूचकांक मौजूदा स्तर से काफी नीचे होते। ऐसे में हालिया तेजी को बाजार में मजबूत वापसी मानने के बजाय शॉर्ट कवरिंग के नजरिए से भी देखना चाहिए।
(शेयर मंथन, 03 नवंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

