पिछले कुछ वर्षों में शेयर बाजार, सोना और रियल एस्टेट जैसे निवेश विकल्पों में उतार-चढ़ाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि अपने पोर्टफोलियो में इक्विटी, डेट और अन्य एसेट क्लास का कितना हिस्सा रखना चाहिए? विजय मंत्री फाइनेंशियल सर्विसेज के संस्थापक विजय मंत्री के मुताबिक, निवेशकों को सबसे पहले अपने खर्चों और जोखिम उठाने की क्षमता का आकलन करना चाहिए। उनके अनुसार, एसेट एलोकेशन निवेश की शुरुआत से ही तय होना चाहिए, न कि बाजार में गिरावट आने के बाद इस पर विचार किया जाए।
विजय मंत्री का कहना है कि निवेशकों को अपने अगले तीन से पांच वर्षों के खर्चों के बराबर रकम डेट और सुरक्षित फिक्स्ड इनकम वाले प्रोडक्ट में रखनी चाहिए। इस पैसे के साथ किसी भी तरह का अतिरिक्त जोखिम नहीं लेना चाहिए। केवल ज्यादा रिटर्न पाने के लिए ऐसे विकल्पों में निवेश करना सही नहीं है, जहां मूलधन की सुरक्षा को लेकर अनिश्चितता हो। उनके मुताबिक, इस रकम का उद्देश्य निवेशकों को वित्तीय सुरक्षा और जरूरत के समय पैसों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
इसके अलावा बची हुई रकम को इक्विटी में निवेश किया जा सकता है, लेकिन यहां भी जोखिम उठाने की क्षमता को ध्यान में रखना जरूरी है। विजय मंत्री के अनुसार, निवेशक को इक्विटी में उतना ही पैसा लगाना चाहिए, जितने पर वह मौजूदा स्तर से 10-15 फीसदी तक की गिरावट सहन कर सके। साथ ही, अगर 6 से 12 महीने तक कोई रिटर्न नहीं मिलता है, तब भी उसे अपना निवेश बनाए रखने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सोने और चांदी को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी। उनके मुताबिक, सोने में निकट अवधि में रिटर्न की उम्मीद करना सही नहीं होगा, जबकि चांदी में उतार-चढ़ाव काफी ज्यादा रहता है। ऐसे में निवेशकों को केवल हालिया प्रदर्शन देखकर इन एसेट क्लास में निवेश नहीं करना चाहिए।
विजय मंत्री का मानना है कि अगले दो से पांच वर्षों में भारतीय इक्विटी बाजार में डबल डिजिट रिटर्न की अच्छी संभावना है। हालांकि, इसके लिए निवेशकों को सही एसेट एलोकेशन और लंबी अवधि का नजरिया अपनाना होगा। उनका कहना है कि निवेश में गलत अनुमान लगाना उतनी बड़ी गलती नहीं है, जितना अपनी गलती से सीखने के बाद भी उसी रणनीति पर टिके रहना। इसलिए निवेशकों को समय-समय पर अपने पोर्टफोलियो की समीक्षा करनी चाहिए और बदलती परिस्थितियों के अनुसार फैसले लेने चाहिए।
(शेयर मंथन, 06 नवंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

