एसेट मैनेजमेंट कंपनी अबैकस एसेट मैनेजर लिमिटेड (Abakkus Asset Manager Limited) ने शेयर बाजार में लिस्टिंग की दिशा में कदम बढ़ा दिया है।
कंपनी ने अपने प्रस्तावित इनिशियल पब्लिक ऑफर यानी IPO के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल किया है। प्रस्तावित आईपीओ में कुल 1.5 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री की जाएगी। शेयरों का अंकित मूल्य (फेस वैल्यू) 2 रुपये प्रति शेयर है।
अबैकस एसेट मैनेजर का यह आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल यानी OFS होगा। इसका मतलब है कि इस इश्यू में कंपनी नये शेयर जारी नहीं करेगी, बल्कि मौजूदा शेयरधारक अपने शेयर बेचेंगे। इस मामले में प्रमोटर शेयरधारक अबैकस एक्सपर्ट प्रोफेशनल्स LLP की ओर से 1.5 करोड़ तक इक्विटी शेयरों की बिक्री की जायेगी। इसलिए आईपीओ से जुटायी जाने वाली रकम कंपनी को नहीं मिलेगी और यह राशि शेयर बेचने वाले शेयरधारक को जायेगी।
कंपनी के मुताबिक, इस आईपीओ का मुख्य उद्देश्य शेयर बाजार में लिस्टिंग के फायदे हासिल करना है। प्रस्तावित ऑफर बुक-बिल्डिंग प्रक्रिया के जरिये लाया जायेगा। नेट ऑफर का अधिकतम 50% हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) यानी संस्थागत खरीदारों के लिए निर्धारित होगा। वहीं, कम-से-कम 15% हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशनल बिडर्स और 35% हिस्सा रिटेल इंडिविजुअल इन्वेस्टर्स के लिए रखा जायेगा।
अबैकस एसेट मैनेजर की स्थापना 2018 में सुनील बनवारीलाल सिंघानिया ने की थी। उन्हें एसेट मैनेजमेंट और इक्विटी निवेश के क्षेत्र में 30 साल से अधिक का अनुभव है। इससे पहले वे 2003 से 2017 तक निप्पॉन लाइफ इंडिया एसेट मैनेजमेंट में ग्लोबल हेड ऑफ इक्विटी इन्वेस्टमेंट के पद पर काम कर चुके हैं।
अबैकस एसेट मैनेजमेंट कई तरह की निवेश सेवाएँ उपलब्ध कराती है। इसके कारोबार में अल्टरनेटिव्स, ऑफशोर एवं अन्य उत्पाद, प्राइवेट इक्विटी और म्यूचुअल फंड शामिल हैं। कंपनी का मुख्य ध्यान भारत-केंद्रित एसेट मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म के रूप में अपने कारोबार को बढ़ाने पर रहा है।
कंपनी के कारोबार की वृद्धि उसकी प्रबंधन अधीन संपत्ति या एसेट अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) से भी दिखाई देती है। अबैकस का डिस्क्रेशनरी पीएमएस एयूएम (PMS AUM) 31 मार्च 2026 तक 185.38 अरब रुपये का था और इस श्रेणी में कंपनी की 5.25% बाजार हिस्सेदारी थी। इक्रा (ICRA) की रिपोर्ट के अनुसार, टोटल इक्विटी स्ट्रैटेजी डिस्क्रेशनरी पीएमएस श्रेणी में कंपनी भारत में चौथे स्थान पर थी।
वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो वित्त वर्ष 2023-24 से 2025-26 के बीच कंपनी की कामकाजी आय में करीब 29% वार्षिक औसत चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़ोतरी हुई। इस अवधि में कामकाजी आय 418.60 करोड़ रुपये से बढ़ कर 765.91 करोड़ रुपये हो गयी। इसी अवधि में कंपनी का शुद्ध लाभ (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) 205.43 करोड़ रुपये से बढ़ कर 327.05 करोड़ रुपये हो गया, जो करीब 26% सीएजीआर की वृद्धि को दर्शाता है।
इस आईपीओ के बुक रनिंग लीड मैनेजर ऐक्सिस कैपिटल, आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज और जेएम फाइनेंशियल हैं, जबकि केफिन टेक्नोलॉजीज इश्यू का रजिस्ट्रार है। कंपनी के इक्विटी शेयरों को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट करने का प्रस्ताव है। अभी आईपीओ की कीमत, खुलने एवं बंद होने की तिथियाँ और 1 लॉट का आकार जैसी जानकारियाँ घोषित नहीं की गयी हैं।
(शेयर मंथन, 23 सितंबर 2026)