आईटी इंडेक्स में पिछले कुछ दिनों से उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि पूरे हफ्ते की चाल देखें तो आईटी इंडेक्स लगभग उसी दायरे में घूमता नजर आया, जहां से उसने शुरुआत की थी। फिलहाल आईटी इंडेक्स अपने अहम सपोर्ट के आसपास बना हुआ है और यहां से किसी बड़े मूव के लिए अभी पर्याप्त संकेत नहीं मिल रहे हैं।
आईटी इंडेक्स के लिए करीब 28,500 का स्तर महत्वपूर्ण सपोर्ट है। इस स्तर से 32,000 तक एक ट्रेडिंग रेंज बनती है, जबकि 28,500 से नीचे जाने पर करीब 26,000 तक दूसरी रेंज बन सकती है। अगर 26,000 का स्तर भी टूटता है तो इसके नीचे करीब 1,500-2,000 अंकों की एक और रेंज बन सकती है। ऐसे में फिलहाल इंडेक्स को इन्हीं दायरों में रखकर देखने की जरूरत है।
आईटी इंडेक्स में सकारात्मक संकेत और ज्यादा भरोसा तभी बन सकता है जब यह 32,000 के स्तर को पार करे। विश्लेषक के मुताबिक अगले दो से तीन हफ्तों में कंपनियों के तिमाही नतीजे आने शुरू होंगे। ऐसे में नतीजों से पहले आईटी शेयरों में आक्रामक खरीदारी या बिकवाली की रणनीति बनाने के बजाय सावधानी बरतना जरूरी हो सकता है। निवेशक नतीजों से पहले कंपनियों के प्रदर्शन और वैल्यूएशन से जुड़े संकेतों पर नजर रख सकते हैं।
आईटी इंडेक्स को लेकर फिलहाल 'वेट एंड वॉच' की रणनीति की बात कही। उनके मुताबिक जब इंडेक्स पहले 26,000 के आसपास पहुंचा था, तब डाउनसाइड सीमित होने और वैल्यूएशन में आकर्षण जैसे संकेत दिखाई दिए थे। अब स्थिति अलग है। मौजूदा स्तर से करीब 24,000 तक का डाउनसाइड और 32,000 तक का संभावित अपसाइड देखने पर रिस्क-रिवॉर्ड उतना अनुकूल नहीं दिखाई देता। ऐसे में इंडेक्स में और कमजोरी आने या करीब 1,000 अंकों की अतिरिक्त गिरावट के बाद स्थिति की दोबारा समीक्षा की जा सकती है।
(शेयर मंथन, 25 सितंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)