बीते सप्ताह मिडकैप इंडेक्स में अच्छी वापसी देखने को मिली, लेकिन अभी भी यह एक सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है।
मौजूदा स्तरों पर यह कहना जल्दबाजी होगी कि मिडकैप में नई तेज रैली शुरू हो गई है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि मिडकैप को अगला बड़ा ट्रिगर जुलाई के अंतिम सप्ताह या फिर कंपनियों के तिमाही नतीजों से मिल सकता है। यदि निफ्टी की मौजूदा तेजी कुछ समय के लिए थमती है, तो निवेशकों का फोकस मिडकैप शेयरों की ओर शिफ्ट हो सकता है। इसके अलावा, अगर कंपनियों के नतीजे और मैनेजमेंट की टिप्पणियां उम्मीद के अनुरूप रहती हैं, तो मिडकैप में नई खरीदारी देखने को मिल सकती है।
फिलहाल मिडकैप सेक्टर को लेकर उनका रुख सकारात्मक बना हुआ है। जोखिम तभी बढ़ेगा जब कंपनियों के नतीजे अनुमान से काफी कमजोर आएं और भविष्य को लेकर प्रबंधन का नजरिया भी निराशाजनक हो। इसके अलावा, एक बात पर ध्यान देना जरूरी है कि इस समय मिडकैप, स्मॉलकैप और माइक्रोकैप को लेकर बाजार में लगभग हर तरफ सकारात्मक माहौल बन गया है। अक्सर जब किसी एक थीम पर अत्यधिक आशावाद दिखने लगता है, तो उसमें कुछ समय के लिए मुनाफावसूली या उतार-चढ़ाव भी देखने को मिल सकता है। हालांकि, ऐसी संभावित गिरावट को बड़ी कमजोरी नहीं बल्कि खरीदारी का अवसर माना जा रहा है। कुल मिलाकर, मजबूत आर्थिक गतिविधियां, बेहतर कॉर्पोरेट प्रदर्शन और सकारात्मक बाजार संकेत आने वाले महीनों में मिडकैप शेयरों के लिए बेहतर माहौल तैयार कर सकते हैं।
(शेयर मंथन, 08 जुलाई 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)