ध्रुमिल जानना चाहते हैं कि उन्हें यूनियन बैंक (Union Bank) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि अगर आप आज की तारीख में यूनियन बैंक के शेयर में निवेश करने की सोच रहे हैं, तो जल्दबाजी करने के बजाय थोड़ा इंतजार करना बेहतर हो सकता है। निवेश का फैसला हमेशा आपके निवेश अवधि के हिसाब से होना चाहिए। हालांकि, मौजूदा चार्ट और तकनीकी संकेतों को देखते हुए यूनियन बैंक फिलहाल सतर्क रहने का संकेत दे रहा है। बैंकिंग सेक्टर के दीर्घकालिक आउटलुक को लेकर सकारात्मक नजरिया जरूर है, लेकिन हालिया वैश्विक घटनाओं और बाजार में बढ़ी अस्थिरता का असर बैंकिंग शेयरों पर भी देखने को मिला है।
तकनीकी विश्लेषण के अनुसार यूनियन बैंक का 156 रुपये का महत्वपूर्ण स्तर टूट चुका है, जिसे अच्छा संकेत नहीं माना जा रहा। पिछले साल अगस्त के 124 रुपये के लो और इस साल मई के 156 रुपये के स्विंग लो को मिलाकर बनी ट्रेंडलाइन भी टूट चुकी है। विशेषज्ञ के मुताबिक पहले ट्रेंडलाइन का टूटना केवल चेतावनी (Caution) था, लेकिन अब महत्वपूर्ण स्तर के नीचे क्लोजिंग मिलना कमजोरी की पुष्टि (Confirmation) माना जा सकता है। इसके अलावा चार्ट पर लोअर हाई और गहरा थ्रोबैक भी कमजोरी की ओर इशारा कर रहे हैं। ऐसे में फिलहाल "वेट एंड वॉच" की रणनीति अपनाना अधिक सुरक्षित माना जा रहा है।
(शेयर मंथन, 15 जुलाई 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)


