शेयर मंथन में खोजें

4 साल में 800 से 4000 पार, क्या अब थमेगी सीईएटी की रफ्तार?

टायर सेक्टर की दिग्गज कंपनी CEAT ने पिछले चार वर्षों में निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। साल 2022 के आसपास करीब 800 रुपये के स्तर पर ट्रेड करने वाला यह शेयर अब 4000 रुपये के पार तक पहुंच चुका है।

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि इतनी तेज रैली के बाद अब बाजार में यह सवाल उठने लगा है कि क्या CEAT की रफ्तार अब धीमी पड़ सकती है या फिर इसमें आगे भी तेजी जारी रहेगी। हालांकि, एक्सपर्ट्स का कहना है कि चार साल की लगातार तेजी के बाद अब इस शेयर में रिस्क पहले के मुकाबले ज्यादा बढ़ गया है। उनका मानना है कि मौजूदा स्तरों पर CEAT का वैल्यूएशन “एक्साइटिंग” नहीं बल्कि “फेयर वैल्यूएशन” के करीब दिखाई देता है।

अगर बाजार में दबाव बढ़ता है या मुनाफावसूली शुरू होती है, तो शेयर में 15 से 20 प्रतिशत तक का करेक्शन भी देखने को मिल सकता है।मार्केट जानकारों का कहना है कि कंपनी के फंडामेंटल मजबूत हैं, लेकिन अब शेयर की चाल पहले जैसी तेज रहना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में नए निवेशकों को ऊंचे स्तरों पर जल्दबाजी में एंट्री लेने के बजाय बेहतर मौके का इंतजार करना चाहिए।  

3000 रुपये का स्तर CEAT के लिए बेहद अहम रहेगा। अगर शेयर इस सपोर्ट के नीचे जाता है, तो इसमें और गिरावट का दबाव बन सकता है। इसलिए जिन निवेशकों के पास यह शेयर पहले से मौजूद है, उन्हें सतर्क रहने और जोखिम प्रबंधन के साथ निवेश बनाए रखने की सलाह दी जा रही है। कंपनी का बिजनेस मॉडल अभी भी मजबूत दिखाई देता है। चाहे पेट्रोल-डीजल वाहन हों या इलेक्ट्रिक वाहन (EV), दोनों में टायर की मांग लगातार बनी रहने वाली है। EV से ऑटो सेक्टर में बदलाव जरूर आ रहा है, लेकिन टायर कंपनियों के लिए डिमांड खत्म होने की संभावना नहीं दिखती। यही वजह है कि लंबी अवधि में टायर सेक्टर को लेकर सकारात्मक नजरिया बना हुआ है।

(शेयर मंथन, 21 मई 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख