शेयर मंथन में खोजें

आईटीसी शेयरों में गिरावट थमी या अभी और दबाव बाकी है?

उदय मिश्रा जानना चाहते हैं कि उन्हें आईटीसी (ITC) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि  मौजूदा स्थिति को देखें तो साफ संकेत नहीं मिलते कि स्टॉक ने अपना अंतिम बॉटम बना लिया है। दरअसल, जिस तरह की गिरावट ITC में देखने को मिली है, उसे समझने के लिए इसके पुराने पैटर्न, खासकर 2017-18 के दौर को ध्यान में रखना जरूरी है। उस समय भी स्टॉक एक महत्वपूर्ण स्तर के नीचे फिसल गया था और लंबे समय तक बेस बनाने में लगा था। अभी की चाल को देखें तो ITC अपने पुराने ब्रेकआउट जोन 320 के आसपास भी टिक नहीं पाया है और उसके नीचे ट्रेड कर रहा है। यह संकेत देता है कि स्टॉक अभी भी “बेस बिल्डिंग” के फेज में है, यानी एक मजबूत निचला स्तर बनाने की प्रक्रिया जारी है। तकनीकी रूप से यह बेस 250–260 के दायरे में बन सकता है, जहां पहले भी सपोर्ट देखने को मिला है। जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक यह मान लेना कि गिरावट खत्म हो गई है, जल्दबाजी हो सकती है।

हालांकि, ओवरसोल्ड स्थिति के कारण बीच-बीच में बाउंस जरूर देखने को मिल सकता है, लेकिन यह बाउंस कितना टिकाऊ होगा, इस पर संदेह बना हुआ है। ऊपर की ओर 315 से 335 का दायरा एक मजबूत रेजिस्टेंस जोन बन चुका है। जब तक आईटीसी इस स्तर के ऊपर मजबूती से क्लोज नहीं देता, तब तक किसी भी तेजी को स्थायी ट्रेंड रिवर्सल नहीं माना जा सकता।

निवेशकों के लिए सबसे अहम बात यह है कि डाउनट्रेंड अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। बॉटम बनने की पुष्टि तभी मानी जाएगी जब स्टॉक 335 के ऊपर स्थिरता दिखाए। इसके पहले तक इसमें उतार-चढ़ाव और सीमित दायरे में ट्रेडिंग जारी रह सकती है। आईटीसी एक मजबूत कंपनी जरूर है, लेकिन फिलहाल इसके शेयर में स्पष्ट दिशा का अभाव है। ऐसे में निवेशकों को धैर्य रखना चाहिए, जल्दबाजी में बड़े फैसले लेने से बचना चाहिए और महत्वपूर्ण स्तरों, खासकर 250 के सपोर्ट और 335 के रेजिस्टेंस पर नजर बनाए रखनी चाहिए।

(शेयर मंथन, 16 अप्रैल 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख