बाजार में जारी अनिश्चितता के बीच निवेशकों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि उन्हें खरीदारी करनी चाहिए, इंतजार करना चाहिए या फिर मुनाफावसूली करके निकल जाना चाहिए।
इस पर बाजार विशेषज्ञ सुनील सुब्रमण्यम का जवाब साफ है। घबराने की जरूरत नहीं है और निवेश का अनुशासन बनाए रखना चाहिए। उन्होंने निवेशकों को सलाह दी कि वे युद्ध, तेल की कीमतों या रोजाना आने वाली खबरों के आधार पर अपनी निवेश रणनीति न बदलें। जो एसेट एलोकेशन उन्होंने पहले तय किया था, उसी के अनुसार नियमित निवेश जारी रखें। उनका मानना है कि बाजार में हर दिन थोड़ा-थोड़ा निवेश करने से अच्छी और बुरी खबरों का औसत निकल जाता है और लंबी अवधि में बेहतर रिटर्न मिलने की संभावना बढ़ती है।
सुनील ने कहा कि यह समय बाजार से बाहर निकलने का नहीं है। जिन निवेशकों को पैसों की तत्काल जरूरत नहीं है, उन्हें घबराकर अपने निवेश बेचने से बचना चाहिए। सेक्टर चुनने की कोशिश करने के बजाय विविधीकृत निवेश करना अधिक समझदारी होगी। यदि किसी निवेशक को सेक्टर आधारित रणनीति अपनानी है तो वह यह जिम्मेदारी म्यूचुअल फंड मैनेजरों पर छोड़ सकता है। उनके अनुसार, अनुशासित, व्यवस्थित और विविधीकृत निवेश ही वर्तमान माहौल में सबसे बेहतर रणनीति है।
(शेयर मंथन, 01 जून 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)