अविनाश बजवा जानना चाहते हैं कि उन्हें इंफोसिस (Infosys ) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि फिलहाल कंपनी के वैल्यूएशन को महंगा नहीं कहा जा सकता, लेकिन कारोबार को लेकर अनिश्चितता और आईटी सेक्टर में कमजोर अर्निंग्स की आशंकाओं के कारण शेयर पर दबाव बना हुआ है। तकनीकी विश्लेषण के मुताबिक, इंफोसिस ने पहले करीब 850 रुपये के स्तर से मजबूत ब्रेकआउट दिया था, लेकिन उसके बाद डबल टॉप पैटर्न बनाते हुए करेक्शन शुरू हुआ। अब संभावना इस बात की भी है कि शेयर अपने पुराने ब्रेकआउट लेवल के आसपास तक रिटेस्ट कर सकता है। ऐसे में केवल यह सोचकर कि शेयर काफी गिर चुका है और अब ज्यादा नहीं गिरेगा, निवेश का फैसला लेना सही रणनीति नहीं मानी जा रही।
फिलहाल आईटी सेक्टर में बिजनेस ग्रोथ को लेकर स्पष्टता नहीं है और हाल में कुछ कंपनियों की कमजोर गाइडेंस ने पूरे सेक्टर का माहौल प्रभावित किया है। तकनीकी रूप से Infosys ने अपने महत्वपूर्ण 61.8% फिबोनाची रिट्रेसमेंट स्तर को भी तोड़ दिया है, जिसे लंबे समय से मजबूत सपोर्ट माना जाता रहा है। ऐसे में यह संकेत मिलते हैं कि शेयर अभी भी दबाव में रह सकता है। यदि निवेश ट्रेडिंग के उद्देश्य से किया गया है, तो कमजोरी में एवरेजिंग करने से बचना चाहिए। वहीं, लंबी अवधि के निवेशकों को भी नए निवेश से पहले कंपनी के आगामी तिमाही नतीजों और बिजनेस ग्रोथ में स्पष्ट सुधार का इंतजार करना चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार, जब तक शेयर में नया अपट्रेंड और हायर टॉप-हायर बॉटम का संकेत नहीं मिलता, तब तक 'वेट एंड वॉच' की रणनीति अपनाना अधिक उपयुक्त रहेगा।
(शेयर मंथन, 03 जुलाई 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)