नेटवेब टेक्नोलॉजीज को लेकर एक निवेशक का सवाल है, जिनके पास कंपनी के 100 शेयर 1,500 रुपये के भाव पर हैं और उनका नजरिया लंबे समय का है।
चूंकि उन्होंने शेयर काफी नीचे के स्तर से खरीदा है, इसलिए मौजूदा तेजी के बाद उनके सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि अब मुनाफे को कैसे सुरक्षित रखा जाए और आगे की तेजी में शेयर को किस तरह होल्ड किया जाए। बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि नेटवेब टेक्नोलॉजीज का शेयर 2023 में बाजार में डेब्यू करने के बाद से काफी तेजी देख चुका है। मौजूदा स्तरों पर शेयर में एक साइकिल को लेकर थोड़ा जोखिम जरूर दिखाई दे रहा है, लेकिन अभी स्थिति पूरी तरह नकारात्मक नहीं हुई है। यही वजह है कि लंबे समय के निवेशक के लिए इस शेयर को पूरी तरह बेचने के बजाय रिस्क मैनेजमेंट के साथ ट्रैक करना एक रणनीति हो सकती है।
टेक्निकल नजरिए से करीब 4,000 रुपये का स्तर इस शेयर के लिए बेहद महत्वपूर्ण दिखाई देता है। शेयर ने इस स्तर के आसपास बॉटम बनाने के बाद दोबारा ऊपर जाने की कोशिश की है। अगर शेयर 4,000 रुपये के ऊपर मजबूती से बना रहता है, तो आगे भी तेजी की संभावना बनी रह सकती है। लेकिन अगर यह महत्वपूर्ण स्तर टूटता है, तो निवेशक को अपने जोखिम पर दोबारा विचार करना चाहिए।
लंबी अवधि के निवेशक के लिए यहां सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मुनाफे को ट्रेल किया जाए। मौजूदा स्तर पर करीब 4,000 रुपये को रिस्क मैनेजमेंट लेवल माना जा सकता है। इसके बाद अगर शेयर 5,000 रुपये तक पहुंचता है और वहां मजबूती दिखाता है, तो रिस्क मैनेजमेंट को भी ऊपर खिसकाकर 5,000 रुपये के आसपास किया जा सकता है। इसी तरह अगर शेयर 6,000 रुपये तक जाता है, तो रिस्क मैनेजमेंट का स्तर भी 6,000 के आसपास ट्रेल किया जा सकता है।
इस तरह की रणनीति का फायदा यह है कि निवेशक तेजी में पूरी तरह बाहर नहीं निकलता और अगर शेयर लगातार ऊपर जाता है तो उसे लंबे समय तक राइड करने का मौका मिलता है। वहीं, अगर अचानक ट्रेंड बदलता है और शेयर महत्वपूर्ण सपोर्ट के नीचे जाता है, तो पहले से तय रिस्क मैनेजमेंट के जरिए मुनाफे को सुरक्षित करने में मदद मिल सकती है।
(शेयर मंथन, 20 अगस्त 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)