शेयर मंथन में खोजें

निफ्टी (Nifty) 5400 की ओर फिसलने की आशंका बढ़ी

राजीव रंजन झा : दुनिया भर के शेयर बाजारों में हाहाकार के बीच कल भारतीय शेयर बाजार ने भी तीखी गिरावट झेली, लेकिन क्या इन स्तरों के आसपास इसे कहीं सहारा मिल सकता है?
आज सुबह सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी (Nifty) ने एक बार फिर कमजोर शुरुआत ही की है। लेकिन शुक्र है कि पिछले दिन जैसी भयावह स्थिति नहीं दिख रही। आज इसकी कमजोरी एक दायरे के अंदर ही है। हालाँकि निफ्टी ने गुरुवार की तलहटी 5646 को जरूर नीचे की ओर तोड़ा और सुबह-सुबह 5617 तक फिसल गया। लेकिन इसके बाद यह कुछ सँभल कर अभी यह हरे निशान में लौटने की कोशिश कर रहा है और 5650-5660 के आसपास नजर आ रहा है।
निफ्टी ने मई में 6229 का शिखर बनाया, जहाँ से अब तक की तलहटी 5617 पर लगभग 10% का नुकसान हो चुका है। इसलिए यहाँ से अंधाधुंध गिरावट जारी रहने के बदले कुछ सहारा मिल जाने की उम्मीद बेवजह नहीं होगी। हालाँकि निफ्टी के चार्ट को एक नजर में देखने पर लगता है कि हाल की एक निचली तलहटी 5680 टूटने के बाद अप्रैल की तलहटी 5477 से पहले कोई बड़ा सहारा मौजूद नहीं है। लेकिन 5600-5650 के आसपास कुछ पुरानी संरचनाओं के लिहाज से जरूर एक सहारा बनता है।
निफ्टी की बड़ी तेजी शुरू हुई थी 4531 के स्तर से। अगर 4531 से 6229 तक की उछाल की 38.2% वापसी देखें तो यह 5580 पर है। ऊपर मैंने जिक्र किया कि आज सुबह 5617 से निफ्टी ने वापस सँभलने का रुझान दिखाया है, जो इसके पास ही कहा जा सकता है। लेकिन ध्यान रखें कि आगे अगर यह 5580 से नीचे फिसला तो इस संरचना में अगला सहारा 50% वापसी के स्तर 5380 पर होगा।
दूसरी बात, 4531 से जो उछाल शुरू हुई थी, वह पहले 5630 के पास जाकर रुक गयी थी और उसके बाद निफ्टी वापस 4770 तक गिरा था। इस लिहाज से भी निफ्टी के चार्ट पर 5630 एक महत्वपूर्ण बिंदु है।
इससे पहले निफ्टी ने 6339 से 4531 तक की गिरावट दर्ज की थी। इस गिरावट की 61.8% वापसी 5648 पर है। इसके नीचे जाने पर 50% वापसी का स्तर 5435 पर है। वहीं ऊपर की ओर इस संरचना में अगली बड़ी बाधा 5900-5950 के दायरे में ही दिखती है।
इन सबको ध्यान में रख कर ऐसा लगता है कि 5600-5650 के आसपास एक समर्थन क्षेत्र बन रहा है, जो अभी निफ्टी को कुछ सहारा दे सकता है। लेकिन क्या इस सहारे पर पक्का भरोसा किया जा सकता है? अभी ऐसा भरोसा नहीं बन पा रहा। कुछ दिनों पहले ही मैंने 14 जून को लिखा था कि  “कहीं यह अक्टूबर-दिसंबर 2011 और फरवरी-जून 2012 की कहानी को दोहरा तो नहीं रहा। अगर उसी तर्ज पर यह फिर से 860 अंक फिसला तो 5370 पर आ जायेगा।” गौरतलब है कि 4531-6229 की 50% वापसी भी 5380 पर है।
इसलिए मोटी बात यह है कि बाजार की दिशा अभी नीचे लग रही है। अभी 5600-5650 के दायरे में कुछ सहारा भले ही मिल जाये और एक छोटी वापस उछाल भले ही आ जाये, लेकिन आने वाले समय में यह करीब 5400 की ओर जा सकता है। Rajeev Ranjan Jha
(शेयर मंथन, 21 जून 2013)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"