शेयर मंथन में खोजें

सेंसेक्स (Sensex) लौटा 20,000 पर, मगर आगे सावधानी जरूरी

राजीव रंजन झा : मैंने शुक्रवार 13 सितंबर की सुबह यह प्रश्न रखा था कि क्या एक दिन पहले गुरुवार को बाजार ने 5932 पर बाजार ने छोटी अवधि का शिखर बना लिया है।
लेकिन आज सुबह एशियाई बाजारों और सिंगापुर निफ्टी के संकेतों को देख कर स्पष्ट था कि बाजार की मौजूदा तेज चाल कुछ और आगे बढ़ने जा रही है। हालाँकि सिंगापुर निफ्टी (Nifty) ने तो लगभग 6000 छू लिया था, मगर सुबह-सुबह निफ्टी 5950-5960 तक जाने के चंद मिनटों के बाद 5930-5940 पर नजर आ रहा है। इस तरह निफ्टी ने गुरुवार का ऊपरी स्तर पार तो कर ही लिया है, जो इसे थोड़ा और आगे जाने का दमखम दे सकता है। यह 'थोड़ा और' वास्तव में कितना होगा, यही तो पहेली है!
दरअसल अमेरिकी बाजार से जुड़ी कुछ ताजा खबरों के चलते एशियाई बाजारों में यह नया उत्साह जगा है, जिसका असर हमें सिंगापुर निफ्टी पर दिख रहा है। हालाँकि शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में कोई खास तेजी नहीं थी। डॉव जोंस में केवल आधा फीसदी और एसऐंडपी 500 में लगभग एक चौथाई फीसदी की ही बढ़त थी। लेकिन इसके बाद रविवार को यह खबर आयी कि ओबामा के करीबी समझे जाने वाले पूर्व वित्त मंत्री लॉरेंस समर्स ने फेडरल रिजर्व के मौजूदा चेयरमैन बेन बर्नांके का उत्तराधिकारी बनने की होड़ से खुद को अलग कर लिया है। खुद डेमोक्रेटिक पार्टी के अंदर उनका विरोध उभरने लगा था।
लैरी समर्स के दौड़ से हटने की खबर से अमेरिकी बाजार में शेयर फ्यूचर चढ़ते नजर आये, जबकि डॉलर में कमजोरी दिखने लगी। बाजार को आशंका थी कि अगर समर्स ने फेडरल रिजर्व के चेयरमैन का पद सँभाला तो वे बेन बर्नांके की तुलना में ज्यादा सख्त होंगे। बर्नांके का कार्यकाल जनवरी 2014 में खत्म हो रहा है।
मैंने शुक्रवार की सुबह भी लिखा था कि "अगर यह 5932 से ऊपर जाने का रुझान दिखाये तो इसकी गाड़ी लगभग 6000 से पहले तो नहीं ही रुकेगी। इसके लिए 6229-5119 की 80% वापसी का स्तर 6007 पर है, जो इसका अगला स्वाभाविक लक्ष्य बन सकता है।" निफ्टी के लिए 6229 पर मई 2013 का शिखर और 5119 पर अगस्त 2013 की तलहटी है।
वहीं अगर सेंसेक्स (Sensex) का चार्ट देखें तो मई-अगस्त के दौरान 20,444-17,449 की गिरावट की 80% वापसी इसने पिछले हफ्ते 10 सितंबर को ही पूरी कर ली थी। आज सुबह-सुबह यह दोबारा 20,000 के ऊपर लौटने में सफल रहा है। अब इस मुकाम पर बाजार की चाल को लेकर काफी सावधान रहना चाहिए। सेंसेक्स के लिए 20,000 एक खास मनोवैज्ञानिक स्तर रहा है और कई बार यह इसके आसपास से ही पलटता रहा है।
लेकिन निफ्टी के चार्ट के लिहाज से 5932 पार करने के बाद 6000 तक जाने की काफी गुंजाइश बन जाती है। इन दोनों बातों को साथ रख कर देखें तो बाजार यहाँ से पलट भी सकता है, या फिर 1-2% और ऊपर जा भी सकता है। आज सुबह की इस उछाल के बावजूद मैं कहूँगा कि निफ्टी के करीब 6000-6050 तक जाने पर आपको काफी सावधान रहना चाहिए। Rajeev Ranjan Jha
(शेयर मंथन, 16 सितंबर 2013)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"