शेयर मंथन में खोजें

क्रूड ऑयल की आग से कांपा बाजार, क्या और बढ़ेगी गिरावट?

वैश्विक बाजारों में इस समय कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने निवेशकों की चिंता काफी बढ़ा दी है। जहाँ क्रूड ऑयल का फ्यूचर प्राइस 105-106 डॉलर प्रति बैरल के आसपास दिखाई दे रहा है।

अविनाश मेंटर रिसर्च सर्विसेज के संस्थापक अविनाश गोरक्षकर का कहना है कि वहीं स्पॉट मार्केट में इसकी कीमत 110 से 112 डॉलर की ओर बढ़ती नजर आ रही है। यह संकेत देता है कि बाजार अभी पूरी तरह आश्वस्त नहीं है कि वैश्विक तनाव जल्द खत्म होगा या किसी तरह का स्थायी समझौता होने वाला है। लगातार बढ़ती कीमतें यह बता रही हैं कि निवेशकों के बीच बेचैनी बनी हुई है और जोखिम लेने की क्षमता कमजोर पड़ रही है।

भारतीय शेयर बाजार पर भी इसका सीधा असर देखने को मिल रहा है। ऊपरी स्तरों पर बाजार को टिकने में दिक्कत आ रही है और हर बढ़त पर विदेशी निवेशक बिकवाली कर रहे हैं। हाल ही में एक ही दिन में एफआईआई द्वारा करीब 8000 करोड़ रुपये की बिकवाली ने बाजार की कमजोरी को और बढ़ा दिया। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड 4% के आसपास बनी हुई है और रुपया भी दबाव में है, ऐसे में विदेशी निवेशकों की बड़ी खरीदारी फिलहाल लौटती नहीं दिख रही। हालांकि घरेलू निवेशकों की SIP के जरिए लगातार खरीदारी जारी है, लेकिन उसका असर बाजार के सेंटीमेंट और इंडेक्स की मजबूती पर अभी स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा।

फिलहाल बाजार इंतजार की स्थिति में है। निफ्टी के लिए 24,000 और फिर 23,500 का स्तर महत्वपूर्ण सपोर्ट माना जा रहा है। लेकिन यदि आने वाले एक-दो हफ्तों में वैश्विक तनाव कम करने को लेकर कोई ठोस समाधान या सीजफायर जैसी खबर नहीं आती, तो बाजार में निराशा और बढ़ सकती है। ऐसी स्थिति में कमजोरी और गहरी हो सकती है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि अगर कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर के पार चली जाती हैं, तो महंगाई, चालू खाते के घाटे और रुपये पर दबाव जैसी समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं।

इस समय बाजार में स्पष्ट दिशा की कमी दिखाई दे रही है। निवेशकों का भरोसा ऊपरी स्तरों पर कमजोर है और ज्यादातर एक्सपर्ट इंडेक्स आधारित बड़ी खरीदारी से बचने की सलाह दे रहे हैं। उनका कहना है कि फिलहाल स्टॉक-स्पेसिफिक रणनीति ही बेहतर रहेगी, क्योंकि पूरे बाजार की दिशा पूरी तरह वैश्विक घटनाक्रम और कच्चे तेल की चाल पर निर्भर करती नजर आ रही है। जब तक वैश्विक स्तर पर स्थिरता और स्पष्ट समाधान नहीं आता, तब तक बाजार में अनिश्चितता और डर का माहौल बना रह सकता है।

(शेयर मंथन, 04 मई 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख