शेयर मंथन में खोजें

मजबूत आय वृद्धि और घरेलू निवेश से लंबी अवधि में बाजार की उम्मीदें बेहतर

सिद्धार्थ रस्तोगी

बाजार विशेषज्ञ

लंबी अवधि में भारतीय शेयर बाजार का भविष्य मजबूत और सकारात्मक है, जबकि निकट अवधि में मेरा रुख सावधानी के साथ आशावादी है।

अगले 6 महीनों में सेंसेक्स करीब 87,000 और निफ्टी करीब 26,500 के स्तर तक पहुँच सकते हैं। अगले 12 महीनों के लिए सेंसेक्स का मेरा लक्ष्य 95,000 और निफ्टी का लक्ष्य 29,100 है। सेंसेक्स वर्ष 2028 तक 1 लाख के स्तर पर पहुँच जाने की उम्मीद है।

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कॉर्पोरेट आय में 10-20% की वृद्धि हो सकती है। निफ्टी की प्रति शेयर आय (ईपीएस) 2026-27 में 1,290 रुपये और 2027-28 में 1,410 रुपये रह सकती है। भारत की विकास दर (जीडीपी वृद्धि) 2026-27 में 6.8% और 2027-28 में 7% रहने की आशा है। 

बाजार के लिए सकारात्मक पहलुओं में मजबूत कॉर्पोरेट आय, इक्विटी में खुदरा निवेशकों की भागीदारी, कंपनियों पर कम कर्ज, निर्यात को बढ़ावा और राजनीतिक एवं नीतिगत स्थिरता प्रमुख हैं। इसके विपरीत, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली बाजार के लिए सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है।

अगले 6 महीनों में अमेरिकी टैरिफ, भारत की आर्थिक वृद्धि, कंपनियों के तिमाही नतीजे तथा महँगाई और ब्याज दरों की दिशा बाजार के लिए महत्वपूर्ण कारक होंगे। वैश्विक स्तर पर ब्याज दरें, वैश्विक कंपनियों की आय वृद्धि और येन कैरी ट्रेड भी भारतीय बाजार को प्रभावित कर सकते हैं। ब्याज दरों में कटौती का बाजार पर सकारात्मक असर पड़ सकता है। मेरा अनुमान है कि एफपीआई वर्ष 2027 की पहली तिमाही में भारतीय बाजार में फिर से शुद्ध खरीदार बन सकते हैं।

अमेरिका-ईरान संघर्ष का भारतीय बाजार पर अब तक हल्का नकारात्मक प्रभाव रहा है। यह संघर्ष समाप्त नहीं हुआ है और दोनों देशों के बीच अंतिम समझौता हो पाने की भी फिलहाल उम्मीद नहीं है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता जल्द होने की संभावना भी कम है। यह 2027 की पहली तिमाही, यानी जनवरी से मार्च के बीच हो सकता है। हालाँकि, यदि अगले 3-6 महीनों में यह समझौता हो जाता है, तो इसका भारतीय बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

यदि वैश्विक एआई बुलबुला फूटता है, तो भारतीय बाजार में भी कुछ गिरावट (करेक्शन) देखने को मिल सकती है। अगले 6 महीनों में डॉलर के मुकाबले रुपया 91-95 के दायरे में रह सकता है।

क्षेत्रों की बात करें तो अगले 12 महीनों में निर्यात आधारित क्षेत्रों, फार्मा, ऑटो कंपोनेंट, सरकारी बैंकों, रक्षा (डिफेंस) और कैपिटल गुड्स के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। इसके विपरीत, आईटी, रियल एस्टेट, सीमेंट, यूटिलिटी और कंज्यूमर डिस्क्रीशनरी क्षेत्र अपेक्षाकृत कमजोर रह सकते हैं।

(शेयर मंथन, 23 जुलाई 2026)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • इस बार ज्यादा मजबूत है तेजी टिकने की आशा - निवेश मंथन (अक्टूबर 2026)

    अभी कुछ ही दिनों पहले तक लग रहा था कि यह दीपावली शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए थोड़ी ठंडी रहने वाली है, क्योंकि 2 साल से बाजार ठंडा चल रहा है। पर अमेरिकी चुनाव के नतीजों से कच्चे तेल के भाव लुढ़के और एआई के लिए वैश्विक निवेशकों की दीवानगी भी टूटी।

  • बीमा क्षेत्र के लिए दबा रीसेट बटन - निवेश मंथन (सितंबर 2026)

    एक चर्चित विज्ञापन की टैगलाइन थी – पूरे घर के बदल डालूँगा! बीमा क्षेत्र के नियामक – भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने हाल में अपने एक विमर्श पत्र (कंसल्टेशन पेपर) में पूरे बीमा क्षेत्र में सुधार लाने वाले इतने व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखा है, मानो इरडा ने कहा हो – पूरे घर को बदल डालूँगा!